विरोध के बाद महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई डेवलपमेंट प्लान 2034 रद्द किया


मुम्बई के डेवलपमेंट प्लान (DP) को रद्द किया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आज मुम्बई में यह ऐलान किया। राज्य कैबिनेट की बैठक में लिए इस फैसले की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मौजूदा डेवलपमेंट प्लान को लेकर भारी आपत्तियां उठी थी। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इस प्रस्तावित DP को खारिज़ कर दिया है। साथ ही BMC को कहा गया है कि आनेवाले 4 महीने में वह सर्वसमावेशक विकास नीति को अपने प्लान के जरिये पेश करें।

2034 तक मुम्बई शहर का विकास कैसे हो? इसका रोडमैप बताने वाले प्लान को डेवलपमेंट प्लान कहते हैं। महानगरपालिका प्रशासन इसे तैयार करता है। मुम्बई के DP के लिए बीएमसी के बनाए मसौदे पर काफ़ी आपत्तियां उठीं। शहर का सही मैप न होना। शहर की बस्तियों और प्रार्थनास्थलों को DP में न दिखाना। निर्माण की अनुमति मिलने से शहर के हरित इलाके का खत्म हो जाना जैसे प्रमुख मुद्दे इस मसौदे के खिलाफ पेश किए गए।

बीजेपी समेत शहर के सभी राजनीतिक दल और समाजसेवी संगठनों के साथ ही अभिनेता आमिर खान, सलमान खान और जावेद अख़्तर जैसी हस्तियों ने इस विकास नीति का विरोध किया था। बीएमसी और राज्य की सत्ता में भागीदार शिवसेना के पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस प्लान को कूड़े में डालने की बात तक कही थी। इतने विरोध को देखते हुए राज्य के शहरी विकास विभाग के प्रमुख के नाते मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने BMC के द्वारा बनाए गए मुम्बई डेवलपमेंट प्लान को खारिज़ कर दिया है। इससे पहले सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बनी कमेटी को शुरुआत में तीन दिन और दोबारा सात दिन की मोहलत देकर प्लान को बदलने के लिए कहा था, पर कमेटी इसमें विफल रही।

राज्य सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए मुम्बई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार ने एनडीटीवी इंडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार का फैसला बताता है कि जनता की आवाज सुनी गई है। इसी के साथ अब यही खुलासा होना चाहिए कि ग़लत DP बनाने के लिए जिम्मेदार कौन है?

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उधर, पुराने DP पर आपत्ति उठानेवाले आर्किटेक्ट पी दास ने NDTV इंडिया से बात करते हुए बताया कि, नया डेवलपमेंट प्लान महज 4 महीने में बनकर तैयार नहीं होगा। राज्य सरकार को इसे बनाने के लिए एक साल का समय देना चाहिए। जिस समय का इस्तेमाल कर सही प्लान बनाने के लिए जनता से सटीक राय मशवरा लिया जा सके।