यह ख़बर 31 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

लालू प्रसाद यादव पर बिफरे मुलायम सिंह यादव, बोले, कांग्रेस की चापलूसी में लगे हैं लालू

लखनऊ:

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने मंगलगवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) संस्थापक लालू प्रसाद यादव पर मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्हें खूब खरी-खोटी सुनायी और कहा कि दंगा पीड़ितों को सरकार द्वारा दी गई मदद की जानकारी होने के बावजूद विपक्षी नेता इस मुद्दे पर सियासत कर रहे हैं।

यादव ने समाजवादी नेता राजनारायण की 27वीं पुण्यतिथि पर सपा राज्य मुख्यालय पर आयोजित समारोह में कहा कि समाजवादी लोग अपनी नीतियों को छोड़कर कहीं नहीं जाते। वे नीतियों को छोड़कर सत्ता नहीं चाहते हैं, लेकिन राजद नेता लालू प्रसाद यादव तो सत्ता के लिए भाजपा के भी नजदीक हो गए थे।

उन्होंने लालू पर तंज कसते हुए कहा, 'सरकार द्वारा मुजफ्फरनगर दंगा पीड़ितों की इतनी मदद करने के बावजूद कोई भी ऐरा-गैरा वहां जाकर राजनीति करता है। कुछ लोग जेल से निकलकर सीधे मुजफ्फरनगर पहुंच गये। लालू ने कहा था कि मुलायम को प्रधानमंत्री नहीं बनने दूंगा। लालू कांग्रेस की चापलूसी में लग गये हैं। अब उनके पास और कुछ बचा भी नहीं है।'

यादव ने कहा कि देश में आजादी के बाद से अब तक जितने भी दंगे हुए उनमें से मुजफ्फरनगर पीड़ितों को जितनी मदद दी गई उतनी कभी किसी सरकार ने किसी दंगा पीड़ित को नहीं दी। उन्होंने कहा, 'ऐसी क्षतिपूर्ति कभी किसी दूसरी सरकार ने नहीं की है। हमने 90 करोड़ रुपए तो एक साथ बांट दिये। विपक्षी नेताओं को यह सब पता तो है लेकिन तब भी वे राजनीति कर रहे हैं।'

आगामी लोकसभा चुनाव को सपा को केन्द्र की सत्ता में बैठाने का सबसे उपयुक्त अवसर बताते हुए पार्टी प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से कहा 'जनता ही असली शक्ति है। आप जनता के बीच जाइए। उसकी उपेक्षा करके आप मुलायम को प्रधानमंत्री नहीं बना सकते।'

यादव ने कहा कि राजनीति में शक्ति की ही पूजा होती है, कमजोर को कोई नहीं पूजता। इसलिये सपा की ताकत को बढ़ाओ। सपा प्रमुख ने कहा कि चीन भारत की सीमा में 19 किलोमीटर अंदर तक घुस आया है। केन्द्र सरकार डरपोक है। जब सुरक्षा सम्बन्धी बैठक होती है तो कोई कुछ नहीं बोलता। पाकिस्तान हमारे जवान का सिर काट ले गया। इसके अलावा सरकार महंगाई और भ्रष्टाचार रोकने के मोर्चे पर भी नाकाम रही है।

उन्होंने दोहराया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को कुछ बढ़त तो मिलेगी लेकिन वह सरकार नहीं बना सकेगी, क्योंकि उसके साथ कोई और दल नहीं है। चुनाव बाद केन्द्र में तीसरा मोर्चा ही सत्ता में आयेगा।

यादव ने समाजवादी नेता राजनारायण के व्यक्तित्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जीवन भर अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। वह आकषर्क भाषण देते थे। वह विचित्र व्यक्तित्व के थे और उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि राजनारायण ने इंदिरा गांधी को चुनाव में हराया था। देश को अहम योगदान दिया था। बिना जोखिम उठाये कोई भी बड़ा नेता नहीं बन सकता।

इस मौके पर मुख्यमंत्री और सपा के प्रान्तीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र को सिर्फ समाजवादी लोग ही ताकत दे रहे हैं। सत्ता में होने की वजह से उनके सामने चुनौतियां भी हैं। तमाम ऐसे लोग हैं जिनका हमें मुकाबला करना होगा।

उन्होंने कहा कि सभी समाजवादियों की कोशिश होनी चाहिये कि उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों में भी फैलकर समाजवाद की ताकत को बढ़ाए। समाजवादी लोग ही रास्ता दिखा सकते हैं।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की पिछली मायावती सरकार ने सहकारिता आंदोलन को खत्म कर दिया था और पंचायतीराज को नष्ट कर दिया था। सपा ने सत्ता में आते ही उन्हें पुनर्जीवित किया है। जो सहकारी बैंक बंद हो गये थे उनको दोबारा खोला गया। उन्होंने कहा 'लोकसभा चुनाव के लिये अब दो-तीन महीने ही बचे हैं। अगर हम लोकसभा चुनाव में कामयाब हुए तो प्रदेश में अगली सरकार भी बनाने में सफल होंगे। हमारी-आपकी जिम्मेदारी बड़ी है... जब तक हमारे सभी साथी मिलकर नहीं लड़ेंगे, तब तक हम कामयाब नहीं हो सकते। अगर सपा को बड़ी ताकत बनाना है तो लोकसभा चुनाव बहुत बड़ा मौका है।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुख्यमंत्री ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर तंज कसते हुए कहा 'हाल में एक अखबार में कार्टून छपा था कि दिल्ली में एक पार्टी है जो चौराहे पर खड़ी है, और वह एसएमएस करके जनता से पूछ रही है कि किस रास्ते पर जाएं। ऐसे भी लोग आये हैं राजनीति में।'

 

(इनपुट भाषा से भी)