सोशल मीडिया ऐप व्हॉट्सऐप की नई पॉलिसी पर रोक लगाने के मामले में सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट में हुई सुनवाई में केंद्र सरकार ने कहा कि केंद्र ने व्हॉट्सऐप को नई पॉलिसी को लेकर नोटिस जारी किया है. केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को भरोसा दिया कि वे इस मामले को देख रहे हैं. केंद्र ने कहा कि व्हॉट्सऐप के जवाब दाखिल करने तक मामले की सुनवाई टाल दी जाए. इस बीच, बॉम्बे हाईकोर्ट ने एक आदेश में कहा कि किसी नाबालिग के ब्रेस्ट को बिना 'स्किन टू स्किन' कॉन्टैक्ट के छूना POCSO एक्ट के तहत यौन शोषण की श्रेणी में नहीं आएगा. हाईकोर्ट के नागपुर बेंच की जज पुष्पा गनेडीवाला ने अपने 19 जनवरी को पास किए गए आदेश में कहा है कि किसी भी छेड़छाड़ की घटना को यौन शोषण की श्रेणी में रखने के लिए घटना में 'यौन इरादे से किया गया स्किन टू स्किन कॉन्टैक्ट' होना चाहिए. इस बीच, भारतीय सेना के मुताबिक, उत्तरी सिक्किम के नाकु ला इलाके में दोनों देशों की सेनाओं के बीच मामूली झड़प हुई थी, जिसके बाद स्थानीय कमांडरों ने ही मामले को सुलझा लिया था.
उधर, दिल्ली पुलिस ने कहा है, गणतंत्र दिवस के मौके पर किसान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आ सकते हैं, लेकिन गणतंत्र दिवस परेड को डिस्टर्ब नहीं होने दिया जाएगा. ट्रैक्टर रैली शांतिपूर्ण होगी, लेकिन उसे डिस्टर्ब किए जाने के भी इनपुट मिले हैं. दिल्ली पुलिस इंटेलिजेंस के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने कहा कि पुलिस ट्रैक्टर रैली के मूवमेंट को सही तरीके से गाइड करेगी. इस बीच, नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर 61 दिन से जारी किसान आंदोलन में पंजाब समेत कई राज्यों के किसान दिल्ली बॉर्डर पर डटे हुए हैं. किसानों के समर्थन में पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के सभी विधायक सोमवार को दिल्ली जाने के लिए रवाना होंगे.
इस बीच, भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में जारी तनाव को लेकर कमांडर स्तर की 9वें दौर की बातचीत सोमवार सुबह लगभग 2:30 बजे खत्म हुई. मोल्डो में रविवार को सुबह करीब 9:30 बजे शुरू होने के बाद यह बैठक 15 घंटे से ज़्यादा देर तक चली. इस बीच, भारत में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 13,203 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,06,67,736 हो गए हैं, जिनमें से 1,03,30,084 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 1,84,182 लोगों का कोरोनावायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.73 प्रतिशत है. उधर, सिंघू बॉर्डर पर रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान लुधियाना (पंजाब) से कांग्रेस के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू पर हमला किया गया. उनके साथ धक्का-मुक्की हुई और उनकी पगड़ी खींची गई. उनका आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों ने यह जानलेवा हमला किया.
इस बीच, जिस समारोह में ममता बनर्जी के सामने 'जय श्री राम' के नारे लगे थे, उसके बारे में सूत्रों के मुताबिक, सांस्कृतिक मामलों के मंत्रालय के कार्यक्रम में आने के लिए BJP नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निमंत्रण पत्र दिया था. वे सभी काफी संख्या में वहां मौजूद थे. इस बीच, उत्तर प्रदेश में नई आबकारी नीति के तहत अब आपको छह लीटर से ज़्यादा शराब घर पर रखने के लिए लाइसेंस लेना होगा. राज्य सरकार ने बताया है कि शराब के व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए 'होम लाइसेंस' जिला कलेक्टर से मिलेगा, जिसे हर साल रीन्यू कराना होगा.