विज्ञापन

राजपाल यादव अच्छे इंसान, डायरेक्टर अनीस बज़्मी बोले-मुझसे जो हो सकेगा करूंगा, बॉलीवुड से भी की अपील-Exclusive

राजपाल यादव ने 5 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया. सरेंडर के वक्त वे बहुत भावुक हुए और बोले- मेरे पास पैसे नहीं है और कोई उपाय भी नहीं दिखता. राजपाल की इस बात ने कई लोगों के दिल को तोड़कर रख दिया.

राजपाल यादव अच्छे इंसान, डायरेक्टर अनीस बज़्मी बोले-मुझसे जो हो सकेगा करूंगा, बॉलीवुड से भी की अपील-Exclusive
राजपाल यादव के लिए क्या बोले अनीज बज्मी
Social Media
नई दिल्ली:

फिल्म अभिनेता राजपाल यादव अपनी फिल्म ‘अता पता लापता' से जुड़े भुगतान विवाद के कारण फिलहाल कानूनी प्रक्रिया में हैं. बकाया राशि का तत्काल इंतजाम न हो पाने के चलते उन्होंने आत्मसमर्पण किया था और वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं. यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और आगे की कार्यवाही न्यायालय के आदेशों के अनुसार चलेगी. इस बीच, फिल्म निर्माता अनीस बज्मी ने राजपाल यादव के समर्थन में बयान दिया है और फिल्म इंडस्ट्री से उनके लिए सहयोग की अपील की है.

सवाल: अनीस भाई, आपने राजपाल यादव के साथ काफी काम किया है. हाल ही में भुगतान विवाद से जुड़े मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा, जो उनकी फिल्म ‘अता पता लापता' से जुड़ा है. क्या आप मानते हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा दौर किसी के भी साथ आ सकता है, क्योंकि यहां मिनटों में कोई शीर्ष पर पहुंच सकता है और फिर मुश्किलों में भी पड़ सकता है? आप इस पूरे मामले को कैसे देखते हैं?

जवाब (अनीस बज़्मी): मैं राजपाल यादव को पिछले 20–25 सालों से जानता हूं. जितना मेरा उनसे संपर्क रहा है और जितना मैंने उनके साथ काम किया है, वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं. उनकी नीयत किसी के साथ गलत करने की नहीं रही है.

यह भी पढ़ें: तिहाड़ जेल जाने से पहले छलका Rajpal Yadav का दर्द, बोले- मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई रास्ता नहीं दिखता

उन्होंने ‘अता पता लापता' नाम की फिल्म बनाई थी. लोग अक्सर महत्वाकांक्षी हो जाते हैं और फिल्म बनाना चाहते हैं, लेकिन अनुभव की कमी या जानकारी के अभाव में कागजी कामकाज में गलतियां हो जाती हैं. फिल्म इंडस्ट्री में बहुत कम लोग ही पेपरवर्क में पूरी तरह पारंगत होते हैं. कई बार लोग बिना पूरी जानकारी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर देते हैं.

राजपाल की मंशा अच्छी थी और उन्हें लगा था कि वह एक अच्छी फिल्म बना रहे हैं. इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उनके साथ काम किया, कुछ लोगों ने बहुत कम मेहनताना लिया और कुछ ने बिना भुगतान के भी काम किया, क्योंकि उनकी इंडस्ट्री में अच्छी साख थी. लेकिन दुर्भाग्य से फिल्म अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी.

वह अभी भी काम कर रहे हैं और धीरे-धीरे आय अर्जित कर रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी रकम एक साथ चुकाना उनके लिए आसान नहीं है. मेरा मानना है कि जिन लोगों का पैसा बकाया है, उन्हें यह भी ध्यान में रखना चाहिए कि वह एक कलाकार हैं और मेहनत करके भुगतान करने की कोशिश कर रहे हैं.

सवाल: सोनू सूद सहित कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. कहा जा रहा है कि राजपाल यादव के पास कई फिल्में हैं. क्या आप इंडस्ट्री से अपील करेंगे कि लोग आगे आकर उनकी मदद करें? और आखिर में, आप इंडस्ट्री से अपने शब्दों में क्या कहना चाहेंगे?

जवाब (अनीस बज्मी): मैंने व्यक्तिगत रूप से अपने कई निर्माता मित्रों और इंडस्ट्री के लोगों से कहा है कि हमें आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए. अच्छा नहीं लगता कि हमारी इंडस्ट्री का इतना पुराना और अनुभवी कलाकार इस तरह की मुश्किल में है.

यह भी पढ़ें: आर्थिक तंगी से गुजर रहे राजपाल यादव की मदद को आए सोनू सूद, बोले- ये चैरिटी नहीं सम्मान है

मैं हर संभव मदद के लिए तैयार हूं. मेरे स्तर पर जो भी संभव होगा, मैं करने के लिए तैयार हूं. हम सब एक इंडस्ट्री हैं, एक परिवार हैं. हमें अपनी क्षमता के अनुसार उनकी मदद करनी चाहिए और उन्हें इस कठिन परिस्थिति से बाहर निकालने की कोशिश करनी चाहिए.

सोनू सूद और अनीस बज्मी की इस पहल से फिल्म जगत में सुगबुगाहट शुरू हुई है और इन दोनों फिल्मकारों की अपील के बाद उम्मीद है कि और भी फिल्म जगत के लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आएं और इस कठिन वक्त से उन्हें निजात मिल सके.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com