विज्ञापन
This Article is From Aug 01, 2014

जयललिता और मोदी पर विवादित लेख के लिए श्रीलंका ने बिना शर्त माफी मांगी

जयललिता और मोदी पर विवादित लेख के लिए श्रीलंका ने बिना शर्त माफी मांगी
नई दिल्ली:

श्रीलंका ने अपने रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर डाले गए उस अभद्र आलेख के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता से बिना शर्त माफी मांगी है, जिसने भारत में विवाद पैदा कर दिया।

श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा गया है, 'हम भारत के माननीय प्रधानमंत्री और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी मांगते हैं।' बयान में कहा गया कि 'जयललिता के प्रेम पत्र मोदी के लिए कितने सार्थक हैं?' शीषर्क वाला आलेख बगैर उचित अनुमति के प्रकाशित किया गया था और उसे वेबसाइट से हटा लिया गया है।

रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया, 'उचित अनुमति के बगैर प्रकाशित किए गए आलेख में श्रीलंका सरकार या रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक स्थिति नहीं दर्शायी गई है और आलेख को हटा लिया गया है।'

विवादित आलेख श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर डाला गया था। इस आलेख के साथ प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री जयललिता की ग्राफिक्स से तैयार की गई एक तस्वीर भी थी।

आलेख वेबसाइट पर डाले जाने के कुछ ही घंटों बाद भारत में इस पर विवाद पैदा हो गया। भाजपा के सहयोगी दल पीएमके और एमडीएमके ने श्रीलंका से कूटनीतिक संबंध खत्म करने तक की मांग कर डाली। वहीं जयललिता ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि वह आलेख के मुद्दे पर श्रीलंका सरकार से बिना शर्त माफी मांगने को कहें।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
जयललिता, तमिलनाडु, श्रीलंका, नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, Jayalalitha, Narendra Modi, Srilanka
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com