यह ख़बर 30 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भटके हुए यात्रियों का संकट समाप्त, पुलिस घेरे में हुए विदा

खास बातें

  • लक्षद्वीप के कालपेनी में स्थानीय लोगों द्वारा एक यात्री जहाज पर चढ़ने से रोक देने पर बिना भोजन पानी के भटके करीब 130 पर्यटक तड़के यहां से विदा हुए।
कालपेनी:

लक्षद्वीप के कालपेनी में स्थानीय लोगों द्वारा एक यात्री जहाज पर चढ़ने से रोक देने पर बिना भोजन पानी के भटके करीब 130 पर्यटक तड़के पुलिस हस्तक्षेप के बाद यहां से विदा हुए। इन लोगों को पुलिस सुरक्षा में जहाज पर ले जाया गया और तब ये मिनीकॉय द्वीप पहुंचे। इनमें 30 गुजराती हैं। दरअसल शनिवार को लक्षद्वीप के मुख्यालय कावारत्ती में 26 बच्चों समेत ये सभी पर्यटक पहुंचे थे। ये लोग यात्री जहाज एमवी कावारत्ती पर पहुंचने के लिए जब एक जहाज पर चढ़ने वाले थे तब उन्हें 300 स्थानीय लोगों ने यह कहते हुए रोक दिया कि उनके पास वैध टिकट नहीं है। गुजरात के सूचना कार्यालय के अनुसार इनमें से एक पर्यटक ने गुजरात के मुख्यमंत्री के कार्यालय को अपनी परेशानियों से अवगत कराया, जिसके बाद मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदम्बरम से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। तब जाकर उनकी परेशानी समाप्त हुई। दिल्ली स्थित गुजरात सूचना कार्यालय ने एक बयान में कहा कि गृह मंत्रालय समेत विभिन्न स्तरों पर यह मुद्दा उठा और लक्षद्वीप के प्रशासक से इस संकट का समाधान करने को कहा गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रात साढ़े दस बजे उन्हें नाव ठहराव स्थल से स्थानीय लोगों को हटाने के लिए निषेधाज्ञा जारी की गई। रात में करीब दो बजकर 20 मिनट पर स्थानीय लोग वहां से हटे तब जाकर पर्यटकों को पुलिस घेरे में जहाज पर पहुंचाया गया। बंदरगाह अधिकारी हुसैन ने कहा कि सभी पर्यटकों के पास वैध टिकट थे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com