मुठभेड़ में विकास दुबे के ढेर होने पर पुलिस : आत्मसमर्पण को कहा गया था, लेकिन उसने पुलिस पर गोलियां चलाईं

Vikas Dubey Encounter: पुलिस ने कहा कि अभियुक्त विकास दुबे को जब लाया जा रहा था तो रास्ते में एक गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया और गाड़ी पलट गई.

मुठभेड़ में विकास दुबे के ढेर होने पर पुलिस : आत्मसमर्पण को कहा गया था, लेकिन उसने पुलिस पर गोलियां चलाईं

Vikas Dubey Encounter: पुलिस एनकाउंटर में कुख्यात बदमाश विकास दुबे ढेर

खास बातें

  • भागने की कोशिश कर रहा था विकास दुबे : पुलिस
  • 'दुर्घटना में घायल पुलिसकर्मी का हथियार छीना'
  • विकास दुबे ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर : पुलिस
नई दिल्ली:

Vikas Dubey Encounter: कानपुर के चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियोें की हत्या का मुख्य आरोपी विकास दुबे (Vikas Dubey) आज पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया है. पुलिस ने कहा कि विकास दुबे को जिस गाड़ी में लाया जा रहा था उसका एक्सीडेंट हो गया और गाड़ी पलट गई. विकास दुबे ने घायल पुलिसकर्मियों की पिस्टल छीन कर भागने की कोशिश की. पुलिस ने उसको चारों तरफ से घेरकर आत्मसमर्पण कराने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई. घायल विकास दुबे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. 

कानपुर पुलिस ने आधिकारिक बयान में कहा कि 5 लाख रुपये  के इनामी अभियुक्त विकास दुबे को उज्जैन से पुलिस व एसटीएफ टीम द्वारा कानपुर नगर  लाया  जा रहा था. कानपुर नगर भौंती के पास पुलिस का उक्त वाहन दुर्घटना ग्रस्त होकर पलट गया, जिससे उसमें बैठे अभियुक्त व पुलिस जन घायल हो गये. इसी दौरान विकास दुबे ने घायल पुलिस कर्मी की पिस्टल छीन कर भागने की कोशिश की. 

पुलिस टीम द्वारा पीछा कर उसे घेर कर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया किन्तु वह नहीं माना और पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर करने लगा पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गयी. उपरोक्त विकास दुबे घायल हो गया, जिसे तत्काल ही ईलाज हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज का दौरान अभियुक्त विकास दुबे की मृत्यु हो गयी है. यहां देखिए विकास दुबे के एनकाउंटर की कहानी पुलिस की जुबानी.

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कानपुर पश्चिम के पुलिस अधीक्षक ने बताया, "अभियुक्त विकास दुबे को जब लाया जा रहा था तो रास्ते में गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ और गाड़ी पलट गई.  उन्होंने बताया कि गाड़ी पलटने के बाद विकास दुबे ने घायल पुलिसकर्मियों की पिस्टल छीन कर भागने की कोशिश की. पुलिस पार्टी ने उसको चारों तरफ से घेरकर आत्मसमर्पण कराने की कोशिश की. जिसमें उसने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, इसमें वो घायल हो गया था." 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल होने के बाद विकास दुबे को कानपुर के एलएलआर अस्पताल ले जाया गया. जहां, अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है.  

(ANI के इनपुट के साथ)

वीडियो: विकास दुबे के एनकाउंटर को UP के पूर्व DGP ने बताया 'दुर्भाग्यपूर्ण'
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com