यह ख़बर 23 दिसंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

इंफाल में पुलिस फायरिंग में पत्रकार की मौत

खास बातें

  • इंफाल में मणिपुरी अभिनेत्री के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट के विरोध में निकाले गए प्रदर्शन को कवर रहे एक पत्रकार की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई।
इंफाल:

एक अभिनेत्री के साथ कथित छेड़छाड़ करने पर एक नगा उग्रवादी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक फिल्मी निकाय की अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन पुलिस गोलीबारी में एक पत्रकार की मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इंफाल पश्चिमी जिले में थांगीबांद इलाके में प्रदर्शनकारियों के हिंसा पर उतर जाने के बाद पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिसमें एक पत्रकार नानाओ सिंह (29) की मौत हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन में आग लगा दी और सार्वजनिक एवं सुरक्षा वाहनों का रास्ता रोक दिया था। सिंह के सीने में गोली लगी और अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।

उनकी मौत की खबर फैलते ही मणिपुर घाटी इलाके के कई हिस्सों खासकर इंफाल पूर्वी एवं इंफाल पश्चिमी जिलों में हिंसा फैल गई। प्रदर्शनकारियों ने सारे प्रमुख रास्ते बंद कर दिए और जब पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, तो उन्होंने पथराव किया।

वे अभिनेत्री मामोको के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-इसाक मुइवा गुट (एनएससीएन-आईएम) के उग्रवादी लिविंगस्टोन अनल की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि 18 दिसंबर को चंदेल जिले में अभिनेत्री मोमोको एक संगीत कार्यक्रम का संचालन कर रही थीं, उसी दौरान अनल ने कथित रूप से उनके साथ छेड़छाड़ किया था। जब दो कलाकारों ने अभिनेत्री को बचाने का प्रयास किया, तब अनल ने उन पर गोलियां चलाईं थीं।

शिंगजामी, सागोलबंद और कुछ अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसबल की तैनात के बाद भी प्रदर्शनकारियों ने चार सार्वजनिक वाहनों में आग लगा दी, क्योंकि उन्होंने आम हड़ताल का उल्लंघन किया था। राज्य के गृहमंत्री गैखंगन क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान एवं अस्पताल गए और उन्होंने सिंह की मौत पर शोक प्रकट किया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की एवं प्रशासन को स्थिति सामान्य बनाने में सहयोग करने की अपील की। इसी अस्पताल में सिंह ने दम तोड़ा। बाद में सैकड़ों पत्रकार अस्पताल पहुंचे। फिर सिंह का शव मणिपुर प्रेस क्लब ले जाया गया। इससे पहले इंफाल पश्चिमी जिले में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे । प्रदर्शनकारी पुलिस वाहनों पर पथराव कर रहे थे।