विज्ञापन

परिंदों की कोई सरहद नहीं होती... 23 देशों का सफर कर 11 दिन में भारत लौटे अपापांग और अलांग; यहां से किधर जाएंगे

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि दो अमूर फाल्कन- अपापांग और अलांग 11 दिन में चीन से 23 देशों का सफर कर मणिपुर लौट आए हैं. अब यहां से उनका अगल पड़ाव सोमालिया होगा.

परिंदों की कोई सरहद नहीं होती... 23 देशों का सफर कर 11 दिन में भारत लौटे अपापांग और अलांग; यहां से किधर जाएंगे
मणिपुर लौटे दो अमूर फाल्कन.
X@byadavbjp
नई दिल्ली:

न कोई पासपोर्ट, न वीजा का झंझट, न किसी सरहद पर रोक-टोक. 23 देशों, दो महाद्वीपों और हजारों किलोमीटर के समंदर-जंगलों को लांघते हुए दो मुसाफिर आखिरकार अपने घर लौट आए हैं. नाम है- अपापांग (Apapang) और अलांग (Alang). दो अमूर फाल्कन. ये बाज की एक प्रजाति है. 

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इन दोनों की तस्वीरें साझा करते हुए इन्हें 'ग्लोबल सिटीजन' बताया है.

उन्होंने अपापांग और अलांग की घर वापसी की कहानी साझा की है. उन्होंने बताया कि 11 दिन पहले ये दोनों बाज पूर्वोत्तर चीन में अपने ब्रीडिंग एरिया से उड़े थे और कल उड़ते-उड़ते सीधे मणिपुर पहुंच गए.

ये सिर्फ एक उड़ान नहीं, एक साल के इंतजार का अंत है. नवंबर 2025 में भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के वैज्ञानिकों ने इन्हें टैग किया था. तब से वैज्ञानिक इनकी हर उड़ान को ट्रैक कर रहे थे. अफ्रीका से एशिया तक, 23 मुल्कों का चक्कर काटकर ये फिर उसी धरती पर लौटे हैं, जहां इनका बेसब्री से इंतजार हो रहा था.

अब तामोंगलोंग होगा नया ठीकाना

अपापांग और अलांग का ठीकान कुछ दिन तक मणिपुर का तामोंगलोंग होगा. 

भूपेंद्र यादव ने बताया कि ये दोनों अमूर फाल्कन (बाज) अब मणिपुर के तामोंगलोंग जिले के खूबसूरत पहाड़ी इलाकों में कुछ चुनिंदा जगहों पर दो से तीन हफ्ते तक रुकेंगे.

उन्होंने बताया कि यहां के लोग हर साल बेसब्री से इनके लौटने का इंतजार करते हैं और इन पक्षियों की सुरक्षा भी करते हैं.

अगला सफर बहुत लंबा है

इन दोनों पक्षियों का अगला सफर बहुत लंबा होने वाला है. भूपेंद्र यादव के मुताबिक, दोनों अब कुछ दिन दीमकों को खाकर अपने शरीर में फैट जमा कर लेंगे. ये इनके अगले सफर के लिए बहुत जरूरी है.

तामोंगलोंग से इनकी यात्रा 6 हजार किलोमीटर की होगी, जो 6 दिन तक बिना रुके होगी. बीच रास्ते में 3 हजार किलोमीटर का अरब सागर होगा. ये सफर उन्हें तामोंगलोंग से सोमालिया लेकर जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhupendra Yadav, Amur Falcon, Amur Falcon News, Amur Falcon Manipur, Manipur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com