झारखंड विधासभा चुनाव के तहत सोमवार को चौथे चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, जिसमें 62.54 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. चौथे चरण में 15 सीटों के लिए मतदान हुआ. झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. उन्होंने कहा कि इसमें 47 लाख से अधिक मतदाताओं में से 62.54 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. इस चरण में राज्य के चार जिलों-गिरिडीह, देवघर, धनबाद और बोकारो की देवघर (एससी), जामुआ (एससी), चंदनकियारी (एससी), मधुपुर, बागोडार, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी और बाघमारा के लिए मतदान हुआ.
जामुआ, बागोडार, गिरिडीह, डुमरी और टुंडी विधानसभा सीटों पर अपराह्न तीन बजे मतदान समाप्त हो गया, जबकि शेष निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान पांच बजे तक चला. चौबे ने बताया कि राज्य के 15 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 47,85,009 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के योग्य थे. इनमें 22,44,134 महिलाएं और 81 तृतीय लिंग के मतदाता हैं.
उन्होंने बताया कि आज हुए मतदान के लिए कुल 6,101 मतदान केंद्र बनाए गए.