यह ख़बर 26 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

लीबिया से भारतीयों को लाने की कवायद शुरू

खास बातें

  • इस सिलसिले में दो विमानों को राजधानी त्रिपोली भेजा गया, जिनकी कुल क्षमता 640 यात्रियों की है। इसके अलावा चार जहाजों को भी वहां भेजा गया है।
New Delhi:

भारत ने अशांत लीबिया में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने की कवायद शुरू कर दी है, इस सिलसिले में दो विमानों को राजधानी त्रिपोली भेजा गया, जिनकी कुल क्षमता 640 यात्रियों की है। इसके अलावा चार जहाजों को भी वहां भेजा गया है। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, एयर इंडिया का विशेष चार्टर्ड बोइंग 747 विमान की क्षमता 360 यात्रियों की है, जबकि एयरबस 330 की क्षमता 280 यात्रियों की है। इन्हें त्रिपोली भेज दिया गया है और वे जल्द ही वहां उतरने वाले हैं। बयान में कहा गया है कि त्रिपोली से यात्रियों को लेकर विमान नई दिल्ली वापस लौटेगा। इसके अलावा, नौसेना के दो जहाज आईएनएस जलश्व, आईएनएस मैसूर मुंबई से लीबिया रवाना हो रहा है। जलमार्ग से लीबिया पहुंचने में 12 दिन का समय लगता है। भूमध्यसागर में मौजूद एक अन्य यात्री जहाज को भी लीबिया से नागरिकों को वापस लगाने के कार्य में लगाया गया है, जिसकी क्षमता 1,600 यात्रियों की है। इसके अलावा दूसरा चार्टर्ड जहाज स्काटिया प्रिंस शनिवार को मिस्र के पोर्ट सैद से बेनगाझी (लीबिया) रवाना हो रहा है। मंत्रालय ने कहा कि नागरिकों की वापसी प्रक्रिया में मदद के लिए त्रिपोली स्थित भारतीय दूतावास में अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया गया है। इस समय लीबिया में 18 हजार भारतीय नागरिक हैं और वहां के बिगड़ते हालात पर सरकार नागरिकों को लेकर चिंतित है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com