यह ख़बर 19 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

इंडियन मर्चेंट नेवी कैप्टन सुनील जेम्स टोगो जेल से रिहा

नई दिल्ली:

टोगो की जेल में बंद मर्चेंट नेवी के कैप्टन सुनील जेम्स को रिहा कर दिया गया है। सुनील के साथ उनके साथी विजयन को भी छोड़ दिया गया है।

गौरतलब है कि टोगो में सुनील और उनके साथी को लगभग 6 महीने पहले समुद्री लुटेरों की मदद के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसी बीच भारत में उनका परिवार लगातार सरकार से मदद की गुहार लगा रहा था।

इस बीच सुनील जेम्स की पत्नी अदिति जेम्स ने प्रधानमंत्री से मिलकर अपने पति की रिहाई की अपील की थी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस मामले में दखल देते हुए फौरन पीएमओ के अधिकारी को इस मामले की जांच के लिए नियुक्त कर दिया था।

दुख की बात यह थी कि 2 दिसंबर को उनके 11 महीने के बेटे विवान की मौत भी हो गई थी, लेकिन सुनील की घर वापसी का इंतजार कर रहे परिवार ने उसका अंतिम संस्कार अब तक नहीं किया। परिवार को अब बेसब्री से सुनील के घर आने का इंतजार है।

गौरतलब है कि जेम्स समुद्री डकैतों की मदद करने के आरोप में जुलाई से इस पश्चिमी अफ्रीकी देश में कैद था। डकैतों ने 16 जुलाई को उसके जहाज एमटी ओशन सेन्चुरियन पर हमला करके उसे लूट लिया था। नाविक की 31 वर्षीय पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य चाहते थे कि जेम्स अपने बेटे का अंतिम संस्कार करे। बच्चे की मौत 2 दिसंबर को हो गई थी और तब से उसका शव एक अस्पताल के शवालय में ही पड़ा हुआ है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ऐसी खबर थी कि विवान नामक इस बच्चे का आंतों की गैंगरीन का ऑपरेशन हुआ था, लेकिन खून में संक्रमण फैल जाने की वजह से डॉक्टर उसे बचा नहीं सके थे।

(इनपुट्स भाषा से भी)