विज्ञापन
This Article is From Mar 17, 2011

जापान त्रासदी : 500 भारतीय सकुशल लौटे

फुकुशिमा परमाणु संयंत्र से विकिरण रोकने की जद्दोजहद में जुटे जापान से बुधवार देर रात करीब 500 भारतीय सकुशल स्वदेश लौट आए।
New Delhi: विनाशकारी भूकंप के बाद और प्रलयंकारी सुनामी की मार झेलने के बाद फुकुशिमा परमाणु संयंत्र से विकिरण रोकने की जद्दोजहद में जुटे जापान से बुधवार देर रात करीब 500 भारतीय सकुशल स्वदेश लौट आए।  इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इनमें से बहुत से भारतीय मुसाफिरों के रिश्तेदार पहले से मौजूद थे। जापान से लौटी निधि जैन ने बताया, "भूकम्प इतना शक्तिशाली था कि मेरा रसोई घर ढह गया। मैं बहुत बुरी तरह डर गयी और मैं समझ नहीं पा रही थी कि सुरक्षित बाहर निकल सकूंगी या नहीं।"  अपने दो बच्चों के साथ स्वदेश लौटी निधि ने कहा कि भारत आकर वह प्रसन्न है। एक अन्य मुसाफिर ने बताया, "मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा था..मेरे घर की हर चीज गिर रही थी और वह बहुत खराब अनुभव था।" बहुत से यात्रियों ने बताया कि ताजा हालात जानने के लिए वे टीवी सेटों से चिपके रहे। नितिन चोपड़ा ने कहा, "लोग उत्सुकता से समाचार देख रहे हैं और जापान सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है।" जापान में किए जा रहे प्रबंधों की सराहना करते हुए ऋद्धि सिंघला ने कहा, "यदि लोग लौटना चाहें तो वहां से रोजाना विमान उड़ान भर रहे हैं। मैं गर्भवती होने की वजह से लौटी हूं वर्ना मैं नहीं लौटती।" कुछ मुसाफिरों ने कहा कि वहां से लौटने की हड़बड़ी करने की कोई जरूरत नहीं है। टोक्यो में पढ़ने वाली 20 वर्षीया सुप्रिया खत्री ने कहा, "मैं लौटना नहीं चाहती थी लेकिन मेरे माता-पिता बेहद चिंतित थे। इसलिए मुझे लौटना पड़ा। वहां से लौटने की हड़बड़ी करने की जरूरत नहीं है। मेरे कुछ दोस्त अभी तक वहां पढ़ाई और नौकरी कर रहे हैं।" सुप्रिया की बहन आकांक्षा ने कहा, "वह फोन पर बात नहीं कर रही थी इसलिए हम परेशान थे। कुछ बुरा हो या नहीं, यहां होना ही बेहतर है।" जापान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए रोजाना एयर इंडिया का एक विमान टोक्यो और दिल्ली के बीच उड़ान भर रहा है। अब तक 900 भारतीय जापान से लौट चुके हैं। टोक्यो के अलावा एयर इंडिया की सप्ताह में तीन उड़ाने ओसाका से भी हैं जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं।  जापान में आई त्रासदी की वजह से एयर लाइन ने 31 मार्च तक  दोबारा बुकिंग कराने, रद्द कराने और हर प्रकार के टिकटों के भुगतान के लिए सभी तरह का जुर्माना हटा दिया है।
लेखक के बारे में
img
Indo Asian News Service
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
जापान, भारतीय, सकुशल लौटे
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com