भारत-अफ्रीका शिखर वार्ता : संबंध मजबूत करने के लिए अधिकारियों ने की चर्चा

भारत-अफ्रीका शिखर वार्ता : संबंध मजबूत करने के लिए अधिकारियों ने की चर्चा

सम्मेलन में भाग ले रहे भारत और अफ्रीकी देशों के अधिकारी।

नई दिल्ली:

संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से, भारत और अफ्रीकी देशों ने सोमवार को शिखर वार्ता में विकास के संभावित मुद्दों पर चर्चा की। इस वार्ता का मकसद विशेष रूप से व्यापार, सुरक्षा और विकास संबंधी सहयोग के क्षेत्रों में समग्र संबंधों को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है। चार दिवसीय भारत अफ्रीका शिखर वार्ता के पहले दिन भारत और कई अफ्रीकी देशों के अधिकारियों ने संबंध मजबूत करने के लिए स्पष्ट ढांचे पर चर्चा के साथ एक ‘राजनीतिक दस्तावेज’ पर भी बात की।

राजनीतिक साझेदारी पर होगी बात
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने पत्रकारों से कहा, ‘वे दो दस्तावेजों पर चर्चा कर रहे हैं। एक राजनीतिक दस्तावेज है जो भारत और अफ्रीका के बीच राजनीतिक साझेदारी की बात करेगा। यह वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों को छुएगा।’ उन्होंने कहा, ‘दूसरा सहयोग का ढांचा दस्तावेज है जो अफ्रीका की विकास साझेदारी, भारत द्वारा अफ्रीकी देशों को ऋण के बारे में बात करेगा।’ उन्होंने कहा कि शिखर वार्ता में आतंकवाद पर भी चर्चा हो सकती है। इस सम्मेलन में मंगलवार को विदेश मंत्रियों के स्तर पर चर्चा होगी। तीसरे चरण में 29 अक्तूबर को राष्ट्र प्रमुखों की भेंट होगी।

भारतीय व्यंजन बनाना सीखेंगी राष्ट्र प्रमुखों की पत्नियां
शिखर वार्ता में भाग लेने आए अफ्रीकी देशों के राष्ट्र प्रमुखों के जीवन साथियों को भारतीय व्यंजन पकाने के तरीके बताए जाएंगे तथा ऐतिहासिक स्मारकों के भ्रमण के अलावा बनारसी हथकरघा से रूबरू कराया जाएगा। भारत अफ्रीका शिखर वार्ता के लिए भारत के दौरे पर अफ्रीकी देशों के राष्ट्र प्रमुखों के करीब 20 जीवन साथियों के आने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने उनके लिए पुख्ता बंदोबस्त किया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उधर, पुलिस ने आज कहा कि इस शिखर वार्ता के दौरान किसी आतंकवादी घटना से निपटने के लिए दिल्ली में कई ‘स्वाट’ और ‘हिट’ टीमों की तैनाती की गई है। आपातकालीन स्थितियों से निपटने में विशेषज्ञ ‘स्वाट’ और ‘हिट’ टीमें आज मुख्य स्थल इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास और वीवीआईपी आवागमन वाले सभी मार्गों पर तैनात रहीं।