विज्ञापन
This Article is From Jun 19, 2017

आयकर विभाग ने बेनामी जमीन सौदे में लालू यादव की बेटी मीसा भारती की संपत्ति कुर्क की

अधिकारियों ने कहा कि विभाग ने बेनामी लेनदेन कानून, 1988 के तहत अस्थायी आदेश के जरिये दो संपत्तियों - दिल्ली में एक मकान और एक भूखंड की कुर्की की है.

आयकर विभाग ने बेनामी जमीन सौदे में लालू यादव की बेटी मीसा भारती की संपत्ति कुर्क की
मीसा भारती की फाइल तस्वीर
  • दिल्ली में एक मकान और एक भूखंड की कुर्की की गई
  • कुर्क संपत्ति के मूल्य का तत्काल पता नहीं चल पाया है
  • मीसा और उनके पति पूर्व में आयकर विभाग के समन पर पेश नहीं हुए थे
नई दिल्ली: आयकर विभाग ने 1,000 करोड़ रुपये के कथित बेनामी जमीन सौदों तथा टैक्स चोरी के मामले की जांच के सिलसिले में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार के सदस्यों की कुछ अचल परिसंपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है.

अधिकारियों ने कहा कि विभाग ने बेनामी लेनदेन कानून, 1988 के तहत अस्थायी आदेश के जरिये दो संपत्तियों - दिल्ली में एक मकान और एक भूखंड की कुर्की की है. यह कानून पिछले साल 1 नवंबर से लागू हुआ था.

उन्होंने कहा कि ये संपत्ति बेनामी कब्जे में थीं. विभाग द्वारा पिछले महीने की गई छापेमारी के बाद यह कार्रवाई की गई है. कुर्क संपत्ति के मूल्य का तत्काल पता नहीं चल पाया है. बेनामी संपत्ति में लाभार्थी वह व्यक्ति नहीं होता, जिसके नाम से संपत्ति खरीदी गई है.

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में कुछ और संपत्तियों को कुर्क किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि वे इस मामले में लालू की सांसद पुत्री मीसा भारती और उनके पति शैलेश कुमार से पूछताछ करना चाहते हैं. भारती और उनके पति पूर्व में आयकर विभाग के समन पर पेश नहीं हुए थे.

इस मामले में भारती और अन्य लोगों से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट राजेश कुमार अग्रवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने 22 मई को गिरफ्तार किया था. अधिकारियों ने कहा कि भारती और कुमार को जारी समन इस मामले में जांच का हिस्सा है. विभाग उनका बयान दर्ज करना चाहता है. कर अधिकारियों ने कहा था कि मीसा ने कुछ संपत्तियां बेनामी तरीके से रखी हैं, जो जांच के घेरे में हैं.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Misa Bharti, Income Tax Department, Benami Properties, Lalu Prasad Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com