विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2019

अनंतनाग आतंकी हमले में शहीद हुए पुलिस अधिकारी के परिवार से मिले अमित शाह, कहा- आपके बेटे पर देश को गर्व

गृह मंत्री अमित शाह ने अनंतनाग आतंकी हमले में शहीद हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के निरीक्षक अरशद अहमद खान के परिवार से मुलाकात की.

Also Read in
अनंतनाग आतंकी हमले में शहीद हुए पुलिस अधिकारी के परिवार से मिले अमित शाह, कहा- आपके बेटे पर देश को गर्व
अनंतनाग में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए अरशद खान के परिवार से मिले अमित शाह.
श्रीनगर:

गृह मंत्री अमित शाह ने अनंतनाग आतंकी हमले में शहीद हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के निरीक्षक अरशद अहमद खान के परिवार से मुलाकात की. गृह मंत्री ने शहीद परिवार को आश्वस्त किया कि सरकार उनका पूरा ध्यान रखेगी. अनंतनाग जिले में 12 जून को हुए आतंकवादी हमले में घायल होने के बाद अरशद खान का उपचार के दौरान निधन हो गया था. शाह अधिकारियों के साथ शहर के सिविल लाइंस इलाके के पास बाल गॉर्डन स्थित खान के आवास पर पहुंचे और उनके पिता व माता मुश्ताक अहमद खान और महबूबा बेगम के अलावा उनकी पत्नी, भाई और बच्चों उहबान (5) और दामीन (18 माह) से मुलाकात की.

शहीद इंस्पेक्टर के 4 साल के बेटे को गोद में लेकर फूट-फूटकर रो पड़े श्रीनगर के SSP, फोटो वायरल

बैठक में मौजूद रहे खान के एक रिश्तेदार ने बताया कि गृह मंत्री ने संवेदना प्रकट की तथा आश्वासन दिया कि सरकार देश के बहादुर बेटे के परिवार का ख्याल रखेगी. एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने खान की पत्नी को राज्य सरकार में नौकरी का नियुक्ति पत्र भी सौंपा. अमित शाह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, 'राष्ट्र की सुरक्षा के लिए बलिदान ने कई जानें बचाई हैं. पूरे राष्ट्र को अरशद खान के साहस पर गर्व है.'

12 जून के आतंकी हमले में 37 साल के खान घायल हो गए थे, जिन्हें बाद में विशेष उपचार के लिए दिल्ली लाया गया था. हालांकि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. बता दें कि इस आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के पांच जवान शहीद हो गए थे. जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने अर्द्धसैनिक बल के गश्ती दल पर हमला कर दिया था. अनंतनाग में सदर पुलिस थाने के थाना प्रभारी खान हमले के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंचे थे.

VIDEO: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमले में घायल इंस्‍पेक्‍टर का निधन

अधिकारियों ने बताया था कि वह जैसे ही अपने बुलेटप्रूफ वाहन से अपनी सर्विस राइफल के साथ बाहर निकले आतंकवादी ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. इनमें से एक गोली उनकी सर्विस राइफल से टकरा कर उन्हें जा लगी. उन्होंने बताया था कि इस स्थिति में भी खान आतंकवादी पर गोलियां बरसाते रहे और बाद में निढ़ाल होकर गिर पड़े.

(इनपुट: भाषा)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, Arshad Khan, Jammu Kashmir, Kashmir Terror Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com