विज्ञापन
This Article is From Jun 16, 2012

बरकरार है तपन, मानसून से ही मिलेगी राहत

नई दिल्ली:
उत्तर एवं पूर्वी भारत इन दिनों प्रचंड धूप एवं गर्म हवाओं से झुलस रहा है। शनिवार को भी पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। ओडिशा में लू से अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है।

ओडिशा में स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मियों से राहत मिलने की सम्भावना नहीं है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान औसत से चार डिग्री ऊपर 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 43.2 डिग्री  सेल्सियस था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "रविवार को भी आसमान साफ रहेगा और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 डिग्री एवं 32 डिग्री रहेगा।" सुबह 8.30 बजे  आर्द्रता 40 प्रतिशत दर्ज की गई।

उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी और झुलसा देने वाली हवाओं से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि लू के थपेड़ों का दौर अभी  जारी रहेगा और अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में इजाफा हो सकता है।

शनिवार को इलाहाबाद सबसे गर्म रहा यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से छह  डिग्री अधिक 44.5 डिग्री था।

बिहार में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। लोगों को अब बारिश का इंतजार है लेकिन मौसम विभाग के अनुसार इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार सुबह पटना का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 32.7 डिग्री, भागलपुर का 28 डिग्री और पूर्णिया का 25.6 डिग्री  सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में अधिकतम आद्र्रता 53 प्रतिशत के करीब है, जिस कारण लोग उमस से परेशान हैं।  

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एके सेन के मुताबिक आने वाले 24 घंटे के दौरान बिहार में बारिश की कोई सम्भावना नजर नहीं आ रही है।

ओडिशा सरकार ने लू के प्रकोप को देखते हुए स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया है। राज्य में लू से अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Wether, Heat, Monsoons, Relief, तपन, मानसून, मौसम
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com