Hot tea helps regulate body temperature: चिलचिलाती गर्मी का दौर शुरू हो गया है. गर्मियों के मौसम में जब सूरज आग उगल रहा होता है, तब ज्यादातर लोग ठंडी कोल्ड ड्रिंक या बर्फ वाले पानी की तलाश करते हैं. लेकिन भारतीय लोग गर्मी हो या ठंडी चाय पीना नहीं छोड़ते हैं. 'कड़क चाय' के बिना चैन नहीं आता. अगर आप भी चाय पीने के शौकीन हैं, तो इस बात से सहमत हो सकते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके पीछे ठोस विज्ञान छिपा है? जी हां आपने सही सुना. क्या तपती गर्मी में एक कप चाय आपकी बॉडी को ठंडा रखने में वाकई मदद कर सकती है. तो चलिए जानते हैं क्या कहता है साइंस.
क्या कहता है साइंस? (The Science of Sweat)
'जर्नल ऑफ फिजियोलॉजिकल साइंसेज' में छपी एक रिसर्च के मुताबिक, जब हम कोई गर्म चीज पीते हैं, तो हमारे शरीर का इंटरनल तापमान थोड़ा बढ़ जाता है. अब आप सोचेंगे कि तापमान बढ़ना तो बुरी बात है? यहीं पर शरीर का 'कूलिंग मैकेनिज्म' काम शुरू करता है. जैसे ही शरीर के अंदर गर्माहट पहुंचती है, हमारे दिमाग को सिग्नल मिलता है कि शरीर को ठंडा करने की जरूरत है. इसके जवाब में शरीर तेजी से पसीना (Sweat) निकालना शुरू कर देता है. जब यह पसीना आपकी स्किन से उड़ता है (Evaporation), तो यह आपके शरीर की गर्मी को अपने साथ ले जाता है. नतीजा यह होता है कि आपका शरीर पहले के मुकाबले ज्यादा ठंडा महसूस करने लगता है.

अदरक और इलायची का जादू-
भारतीय चाय सिर्फ पानी और पत्ती नहीं है, बल्कि इसमें अदरक, इलायची और कभी-कभी काली मिर्च जैसे मसाले भी होते हैं.
अदरक और इलायची- ये न केवल चाय का स्वाद बढ़ाते हैं, बल्कि डाइजेशन (पाचन) को भी बेहतर करते हैं. गर्मियों में अक्सर पेट की समस्याएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में ये मसाले शरीर के ब्लड सर्कुलेशन को सही रखने में मदद करते हैं.
कब काम नहीं करेगी यह ट्रिक?
चाय पीकर खुद को ठंडा रखने का यह फॉर्मूला हर जगह फिट नहीं बैठता. विज्ञान के हिसाब से आपको दो बातें ध्यान में रखनी चाहिए.
सूखी गर्मी बनाम उमस- अगर आप दिल्ली या राजस्थान जैसी सूखी गर्मी में हैं, जहां पसीना जल्दी सूख जाता है, तो चाय आपको बहुत फायदा देगी. लेकिन अगर आप मुंबई या कोलकाता जैसी उमस (Humidity) वाली जगह पर हैं, जहां पसीना सूखता ही नहीं बल्कि चिपचिप करता है, तो चाय पीने से आपको और ज्यादा बेचैनी हो सकती है. जिन लोगों को पसीना कम आता है या जिनके स्वेट ग्लैंड्स सही से काम नहीं करते, उन्हें गर्मी में गर्म चाय से बचना चाहिए.

चाय पीते समय रखें इन बातों का ध्यान-
- तापमान का ख्याल- चाय बहुत ज्यादा उबलती हुई न पिएं. इससे आपके गले और खाने की नली (Esophagus) को नुकसान पहुंच सकता है. चाय को थोड़ा सा नॉर्मल होने दें, फिर उसका आनंद लें.
- टैनिन और कैफीन- चाय की पत्तियों को बहुत ज्यादा देर तक उबालने से उसमें टैनिन की मात्रा बढ़ जाती है. ज्यादा कैफीन और टैनिन से कुछ लोगों को एसिडिटी या घबराहट हो सकती है.
- क्वालिटी- हमेशा अच्छी क्वालिटी की चाय पत्ती का इस्तेमाल करें. टी-बैग्स के मुकाबले खुली चाय पत्ती ज्यादा बेहतर मानी जाती है, क्योंकि टी-बैग्स में माइक्रोप्लास्टिक्स का खतरा रहता है.
चाय या कोल्ड ड्रिंक-
कोल्ड ड्रिंक्स पीने से शरीर का तापमान अचानक गिरता है, जिससे शरीर को एक 'शॉक' जैसा लगता है. यह लॉन्ग-टर्म कूलिंग नहीं देता. वहीं, चाय धीरे-धीरे शरीर के नेचुरल कूलिंग सिस्टम (पसीने) को एक्टिव करती है, जो आपको लंबे समय तक राहत दे सकती है.
ये भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं लहसुन के पत्ते खाने से क्या होता है? इन 4 लोगों के लिए औषधि से कम नहीं...
ई-सिगरेट सेहत के लिए कितनी खतरनाक? डॉक्टर ने बताए नुकसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं