गैंग का कारनामा : गुलेल से वाहनों में रखे कीमती सामान पर निशाना

गैंग का कारनामा : गुलेल से वाहनों में रखे कीमती सामान पर निशाना

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई गुलेल गैंग की वारदात।

मुंबई:

मुंबई और आसपास के इलाकों में चड्डी बनियान गैंग की दहशत है, जिसे पकड़ने में पुलिस पूरी तरह असफल रही है। अब एक नए गिरोह ने यहां बसेरा बना डाला है जिसका नाम है गुलेल गैंग। यह गैंग सिर्फ कुछ सेकेंड में गाड़ी से कीमती सामान चुरा सकती है। इसकी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं।

सीसीटीवी ने कैमरे में कैद की वारदात
सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि कैसे पहले आरोपी गाड़ी की रेकी करते हैं, फिर दूर से मुआयना करते हैं, चंद सेकेंड में गाड़ी के शीशे को गुलेल से निशाना बनाते हैं और पलक झपकते ही कांच हटाकर गाड़ी से कीमती सामान उड़ाकर रफूचक्कर हो जाते हैं।

पुलिस ने किया सजग रहने का आह्वान
इस मामले पर नवी मुंबई पुलिस के डीसीपी शाहजी उमप ने कहा 'नवी मुंबई में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, जिसमें कार के शीशे को फोड़कर लैपटॉप, मोबाइल जैसे कीमती सामान आरोपी ले उड़े हैं। लोगों से हमारी गुजारिश है कि कीमती सामन वे गाड़ी में छोड़कर न जाएं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वाहनों के शीशे तोड़कर उड़ाते हैं माल
पिछले कुछ महीनों से नवी मुंबई के कई इलाकों में आरोपी गाड़ी के कांच तोड़कर कीमती सामान निकालने की 80 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के मुताबिक गुलेल गैंग के सदस्य चेन्नई से टोली बनाकर मुंबई और आसपास के इलाकों में आते हैं। यहां लूटपाट की वारदातों को अंजाम देकर वापस चले जाते हैं। गुलेल गैंग सिर्फ गाड़ियों को ही अपना निशाना बनाती है।