असम में बाढ़ से चार और की मौत, 6.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित

असम में बाढ़ से चार और की मौत, 6.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित

गुवाहाटी:

असम में बाढ़ के हालात खराब हो गए हैं तथा बाढ़ की चपेट में आने से चार और लोगों की मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश के चलते 1400 से अधिक गांवों के 6.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की बाढ़ की रिपोर्ट के अनुसार धुबरी जिले के बिलासिपारा राजस्व सर्कल के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दो लोग डूब गए।

पिछले 24 घंटे में कोकराझाड़ में दो अन्य लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही असम में बाढ़ के कारण हुई मौतों का आंकड़ा 12 पहुंच गया। इनमें कोकराझाड़ में चार, लखीमपुर और धुबरी में दो-दो, बोंगईगांव, बक्सा, सोनितपुर और चिरांग प्रत्येक जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

एएसडीएमए के मुताबिक 1417 गांव में 6.55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए। शुक्रवार तक 19 जिलों के 1071 गांव में करीब 5.76 लाख लोग बाढ़ की चपेट में आ गए थे। एएसडीएमए के मुताबिक बोंगईगांव जिले में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां करीब 1.68 लाख बाढ़ के कारण प्रभावित हुए। कोकराझाड़ में 1.64 लाख बाढ़ से प्रभावित हैं।