ईस्ट ऑफ कैलाश में बुजुर्ग दंपति की हत्या में पांच गिरफ्तार

ईस्ट ऑफ कैलाश में बुजुर्ग दंपति की हत्या में पांच गिरफ्तार

नई दिल्ली:

दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश में शुक्रवार तड़के बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या के मामले को पुलिस सुलझाने का दावा कर रही है। इस मामले में पुलिस ने पूर्वी दिल्ली से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ईस्ट ऑफ कैलाश के बी-ब्लॉक के एक घर में 86 साल के मनोहर लाल मदान और उनकी 80 साल की पत्नी विमला मदान के शव मिले थे।

ज्वाइंट कमिश्नर आरएस कृष्णैया के मुताबिक पूर्वी दिल्ली से मोहम्मद खालिद, अहमद, मोहम्मद मकसूद, मोहम्मद दिशान और नरेंद्र नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उस रात वो ईस्ट ऑफ कैलाश के बी-ब्लॉक में एक दूसरे मकान में घुसने की फिराक में थे, क्योंकि उन्हें इस बात की जानकारी थी कि ये घर खाली रहता है, लेकिन उसी समय एक गार्ड ने उन्हें देख लिया। इसके बाद वो छत के रास्ते मनोहर लाल मदान के घर दाखिल हो गए। कटर और रॉड से उन्होंने छत का दरवाजा तोड़ा और नीचे ग्राउंड फ्लोर पर आ गए।

ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचते ही मनोहर और उनकी पत्नी आवाज सुनकर जाग गए और इसके बाद बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी। ग्राउड फ्लोर पर लूटपाट करने के बाद वो पहली मंजिल पर जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी मदान का छोटा बेटा जाग गया और आरोपी ग्राउंड फ्लोर पर आकर अंदर से बंद गेट खोलकर निकल गए। हालांकि शुरुआत में पुलिस को शक था कि बदमाश ग्राउंड फ्लोर में मेन गेट से घुसे थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस ने मुखबिरों की सूचना के आधार पर उसी रात पहले दो आरोपियों को पकड़ा और बाद में फोन पर उन्हीं आरोपियों के फोन के जरिये बाकी के तीन आरोपियों को बुलाया और इस तरह पूरा गैंग कब्जे में आ गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुछ गहने और कैश भी बरामद किए हैं। इन बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड है।