विज्ञापन
This Article is From Jun 19, 2011

लजीज व्यंजनों में शीर्ष पर पास्ता, मांस, चावल

वैसे तो लोगों के खानपान की अपनी-अपनी पसंद होती है, लेकिन पास्ता, मांस और चावल ऐसे व्यंजन हैं, जिन्हें लोगों ने दुनिया में सर्वाधिक लजीज भोजन की सूची में सबसे ऊपर रखा है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi: वैसे तो लोगों के खानपान की अपनी-अपनी पसंद होती है, लेकिन पास्ता, मांस और चावल ऐसे व्यंजन हैं, जिन्हें लोगों ने दुनिया में सर्वाधिक लजीज भोजन की सूची में सबसे ऊपर रखा है। भारत में ज्यादातर लोग विशुद्ध भारतीय भोजन सबसे अधिक पसंद करते हैं। भारतीयों के पसंदीदा भोजन में दूसरे स्थान पर चावल, तीसरे स्थान पर बिरयानी, चौथे स्थान पर सब्जी, पांचवें स्थान पर दक्षिण भारतीय भोजन, छठे स्थान पर चीनी भोजन, सातवें स्थान पर चिकेन, आठवें स्थान पर पिज्जा, नौवें स्थान पर दाल और 10वें स्थान पर घर में बने विविध व्यंजन आते हैं। वैश्विक संस्थान आक्सफॉम की ओर से 17 देशों में कराए गए सर्वेक्षण में दुनिया के सबसे पसंदीदा 10 व्यंजनों की सूची में पहले स्थान पर पास्ता, दूसरे पर मांस, तीसरे पर चावल, चौथे पर पिज्जा, 5वें पर चिकेन, छठे पर मछली, 7वें पर समुद्री भोजन, 8वें पर चीनी भोजन, 9वें पर इतालवी भोजन और 10वें पर मैक्सिको का भोजन शामिल है। संस्थान ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, घाना, नीदरलैण्ड, मैक्सिको, फिलीपींस, ब्राजील, इटली जैसे देशों में 16 हजार से अधिक लोगों से प्रतिक्रिया प्राप्त की। सर्वेक्षण में यह बात महत्वपूर्ण रूप से उभर कर सामने आई कि लोग जिस प्रकार का भोजन दो वर्ष पहले ले रहे थे, वैसा अब नहीं ले रहे हैं। उनके खानपान में बदलाव आया है। कीनिया से सर्वेक्षण में शामिल होने वाले 76 प्रतिशत लोगों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि के कारण उनके खानपान में बदलाव आया है। जबकि अमेरिका में 55 प्रतिशत लोगों ने स्वास्थ्य चिंताओं के मद्देनजर खानपान में बदलाव किया। सर्वेक्षण के अनुसार, भारत में अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके कारण पश्चिमी भोजन से जुड़े आउटलेट काफी संख्या में खुले हैं। इन स्थितियों में भारतीयों के खानपान के चलन में भी बदलाव आया है। ब्रिटेन में लोग टिक्का और पास्ता सबसे अधिक पसंद करते हैं, तो ऑस्ट्रेलिया में लोगों की पसंद चॉकलेट और पास्ता हैं। अमेरिका में लोग पिज्जा और टिक्का के दीवाने हैं, तो जर्मनी में भी अधिसंख्य लोगों की पसंद पास्ता है। भारतीय, स्पेनिश और मैक्सिकन पारंपरिक भोजन अपने अपने देशों में काफी पसंद किए जाते हैं। हालांकि इन देशों में भी चीनी भोजन और पिज्जा का प्रचलन बढ़ रहा है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लजीज व्यंजन, खानपान, पास्ता, मांस, चावल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com