यह ख़बर 09 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

अंडमान निकोबार तट पहुंचा चक्रवाती तूफान; ओडिशा, आंध्र को चेतावनी जारी

खास बातें

  • चक्रवाती तूफान दोपहर को अंडमान निकोबार द्वीप समूह के तट पर पहुंचा और इसके अगले 48 से 72 घंटों में आंध्र प्रदेश और ओडिशा में पहुंचने की आशंका है।
नई दिल्ली:

चक्रवाती तूफान दोपहर को अंडमान निकोबार द्वीप समूह के तट पर पहुंचा और इसके अगले 48 से 72 घंटों में आंध्र प्रदेश और ओडिशा में पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर सुबह गहरा दबाव क्षेत्र बन गया। यह तूफान दोपहर द्वीप समूह पर मायाबंदर के पास पहुंचा। इस तूफान के कारण द्वीप समूह पर बहुत भारी बारिश हुई।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तूफान अगले 48 घंटों में पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा और संभावना है कि यह बड़े स्तर के चक्रवाती तूफान का रूप ले। इसके 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि को पूर्वी तट पर पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि तूफान के 12 अक्टूबर की रात को कलिंगपत्तनम और पारादीप के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा से गुजरने की आशंका है। करीब 175-185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इन क्षेत्रों में भी भारी बारिश होगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अधिकारी ने कहा कि हमने मछुआरों को अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने के लिए परामर्श जारी कर दिया है।