यह ख़बर 25 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

मध्य प्रदेश उप-चुनाव : बीजेपी को दो और कांग्रेस को एक सीट पर मिली जीत

भोपाल:

मध्य प्रदेश में तीन सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को दो सीटों आगर एवं विजयराघवगढ़ पर जीत मिली है, जबकि बहोरीबंद की सीट कांग्रेस के खाते में चली गई है।

निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, आगर में भाजपा के गोपाल परमार ने कांग्रेस के राजकुमार गोरे को 27,702 मतों से पराजित कर सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। परमार को 78,178 तथा गोरे को 50,476 मत मिले, जबकि 2,182 मत नोटा को मिले। मनोहर उंटवाल के सांसद चुने जाने के कारण यहां उपचुनाव हुआ।

विजयराघवगढ़ में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए संजय पाठक ने कांग्रेस के विजेन्द्र मिश्र को सर्वाधिक 53,397 मतों से पराजित कर इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। पाठक को 90,084 तथा मिश्र को 36,687 मत मिले।

संजय पाठक पिछले चुनाव में यहां से कांग्रेस के टिकट पर विजयी हुए थे, लेकिन लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण से नाराज होकर वह भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बहोरीबंद विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के सौरभ सिंह ने भाजपा के प्रणय पांडे को 7,977 मतों से पराजित कर भाजपा को तगड़ा झटका दिया। सिंह को 76,712 जबकि पांडे को 68,735 मत मिले। बहोरीबंद में पूर्व विधायक प्रभात पांडे के निधन के कारण उपचुनाव हुआ।