देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. ओमिक्रॉन के कुल केस देश में बढ़कर 213 हो गए हैं. हालांकि, 90 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि सबसे ज्यादा 57 मामले दिल्ली में हैं. इसके बाद महाराष्ट्र में 54 केस सामने आए हैं. इस बीच, देशभर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,317 नए केस सामने आए हैं, जो कल की तुलना में 18.6 फीसदी ज़्यादा है. इस दौरान, एक दिन में कोरोना से मौत के 318 मामले रिपोर्ट हुए हैं. कोविड-19 महामारी की वजह से अब तक 4,78,325 लोग जान गंवा चुके हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान नए मामलों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक रहने से एक्टिव केस घटे हैं. फिलहाल, देश में 78,190 मरीजों का कोरोना का इलाज चल रहा है, जो पिछले 575 दिनों में एक्टिव केस का सबसे कम आंकड़ा है. पिछले 24 घंटों में 6,906 लोग ठीक हुए हैं. अब कुल ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 3,42,01,966 हो गई है.
भारत में रिकवरी रेट वर्तमान में 98.40% है. यह मार्च 2020 के बाद सर्वाधिक है. साप्ताहिक संक्रमण दर पिछले 38 दिनों से एक फीसद के नीचे है. यह 0.58 प्रतिशत है जबकि दैनिक संक्रमण दर 0.51 प्रतिशत है, जो पिछले 79 दिनों से 2 प्रतिशत से कम है.