भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामले पिछले कई दिनों से 40 हजार के आसपास बने हुए हैं. साथ ही कोरोना से होने वाली मौतों में भी कमी देखी जा रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में 38,164 नए COVID-19 केस दर्ज हुए हैं जबकि 499 मरीजों की घातक वायरस की वजह से जान गई है. अब तक कोरोना से 4,14,108 लोग जान गंवा चुके हैं. भारत में संक्रमण के कुल मामले 3,11,44,229 पहुंच गए हैं.
देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 38,660 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं जबकि अब तक कुल 3,03,08,456 लोग वायरस को हराने में सफल रहे हैं. फिलहाल, देश में 4,21,665 लोगों को इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.35 फीसद है.
रिकवरी रेट बढ़कर 97.32 प्रतिशत हो गया है जबकि साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट यानी संक्रमण दर पांच प्रतिशत से नीचे वर्तमान में 2.08 फीसदी पर है. वहीं, दैनिक संक्रमण दर 2.61 फीसद है, लगातार 28वें दिन संक्रमण दर तीन प्रतिशत के नीचे है.