यह ख़बर 12 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

देश को लूट रही है कांग्रेस पार्टी : गडकरी

खास बातें

  • गडकरी ने आरोप लगाया कि बोफोर्स तोप सौदे के प्रमुख आरोपी क्वात्रोच्चि की सोनिया गांधी के आवास तक सीधी पहुंच है।
कोलकाता:

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस नीत संप्रग पर निशाना साधते हुए भाजपा ने बुधवार को उस पर देश को लूटने का आरोप लगाया। साथ ही पार्टी इतालवी व्यवसायी ओत्तावियो क्वोत्रोच्चि के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के करीबी होने के अपने आरोपों पर कायम रही। भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने पार्टी की युवा इकाई की श्रीनगर जाने वाली राष्ट्रीय एकता यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कहा, कांग्रेस देश को लूट रही है। वह 2-जी स्पेक्ट्रम और राष्ट्रमंडल घोटाले में शामिल है। कांग्रेस ने देश पर 56 साल शासन किया है। उसने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। पार्टी को जवाब देना चाहिए। गडकरी ने आरोप लगाया कि बोफोर्स तोप सौदे के प्रमुख आरोपी क्वात्रोच्चि की सोनिया गांधी के आवास तक सीधी पहुंच है और जैसा उसके चालक ने सीबीआई द्वारा की गई पूछताछ में स्वीकार किया है, उसके अनुसार वह 27 बार कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर गया है। गडकरी ने मांग की कि सोनिया को इस मुद्दे पर खुद को पाक साफ साबित करें। कांग्रेस नीत गठबंधन पर अपेक्षाओं पर खरा उतर पाने में बुरी तरह विफल होने का आरोप लगाते हुए गडकरी ने कहा कि स्वतंत्रता के 63 साल बाद देश की 50 फीसदी आबादी की आय प्रतिदिन सिर्फ 20 रुपये है और लोगों को 80 रुपये किलो प्याज खरीदना पड़ रहा है। महंगाई दर 18 फीसदी पहुंच गई है। भाजपा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति में शामिल है और पड़ोसी बांग्लादेश से घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कोलकाता से कश्मीर तक राष्ट्रीय एकता यात्रा का आयोजन किया है। इस दौरान भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष स्मृति ईरानी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा भी उपस्थित थे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com