विज्ञापन
This Article is From Dec 16, 2015

उत्‍तर भारत में शीत लहर दिखा रही असर, राजस्‍थान में ठंड लगने से एक की मौत

उत्‍तर भारत में शीत लहर दिखा रही असर, राजस्‍थान में ठंड लगने से एक की मौत
प्रतीकात्‍मक फोटो
नई दिल्‍ली: उत्तर भारत के मैदानी भागों में बुधवार को शीत लहर के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। उधर, जयपुर में ठंड की वजह से एक व्यक्ति की मृत्यु होने की आशंका है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में पड़ रहे कोहरे की वजह से उत्तर पश्चिम रेलवे की कई गाड़ियां घंटे देरी से चल रही हैं।

राजधानी में न्‍यूनतम तापमान आठ डिग्री
विमानन नियामक डीजीसीए ने सभी घरेलू विमानन कंपनियों के लिए निर्देश जारी किया है कि कोहरे के समय प्रशिक्षित चालक दल के साथ ही उड़ान भरें। राजधानी दिल्ली में भी काफी सर्द दिन रहा। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री नीचे था। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सवेरे साढ़े पांच बजे के आसपास दृश्यता का स्तर 1500 मीटर रहा जो साढ़े आठ बजे तक 2000 मीटर हो गया।

श्रीनगर में शून्‍य से नीचे पहुंचा पारा
कश्मीर घाटी में भी ठंड बढ़ गई है और लद्दाख क्षेत्र का लेह जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा इलाका रहा और वहां तापामान गिरकर शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस आ गया। उन्होंने बताया कि पड़ौस के कारगिल में तापमान शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा
पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा क्षेत्र रहा और वहां पर न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में शीत लहर का प्रकोप जारी रहा और जयपुर के रामगंज क्षेत्र में एक भिक्षुक की शीत लहर के कारण मृत्यु होने का दावा किया जा रहा है। राहगीरों ने तड़के उसे खुले में अचेत अवस्था में पाया। जयपुर में कल मौसम की सबसे सर्द रात रही जहां पर तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू में सबसे कम 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

रेलवे के केंद्रीय जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के इलाकों में कोहरा बढ़ने के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे की कई रेलगाड़ियां राजस्थान में देरी से चल रही हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्‍तर भारत, शीत लहर, श्रीनगर, अमृतसर, North India, Cold Wave, Srinagar, Amritsar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com