यह ख़बर 11 दिसंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बारिश एवं बर्फ ने बढ़ाई उत्तर भारत में ठंड

खास बातें

  • जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में हिमपात और दिल्ली, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में बारिश के कारण ठंड का प्रकोप अचानक बढ़ गया है।
नई दिल्ली:

जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में हिमपात और दिल्ली, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में बारिश के कारण ठंड का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण समूचे उत्तर भारत के अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में अप्रत्याशित गिरावट आई है।

राजधानी दिल्ली में मंगलवार की सुबह ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "बादल छाए रहने के कारण बारिश के बावजूद न्यूनतम तापमान औसत से अधिक रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18.7 डिग्री दर्ज किया गया।"

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश होने की सम्भावना नहीं है। बुधवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 एवं 11 डिग्री के आसपास रहेगा।

शिमला और मनाली के नजदीक पर्यटक स्थलों पर मंगलवार सुबह कई बार हल्का हिमपात हुआ।

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि लाहौल और स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, शिमला और चम्बा जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में औसत दर्जे की बर्फबारी होने की खबरें हैं।

वहीं राज्य के कम उंचाई वाले क्षेत्र धर्मशाला, पालमपुर, सोलन, नाहन, चाम्बा और मंडी में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है।

अधिकारी ने बताया, "प्रदेशभर के मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 13 और 14 दिसम्बर को भारी बारिश और बर्फबारी की सम्भावना है।"

मंगलवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार को 4.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। प्रदेश में सबसे सर्द रहने वाले केलांग में सोमवार रात का तापमान शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

चण्डीगढ़ और आसपास के इलाकों में मंगलवार को बादल छाए रहे, जिसके कारण पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा के नजदीकी शहरों में मंगलवार को तापमान में अचानक गिरावट देखी गई।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में तापमान में अचानक आई गिरावट का कारण शिमला तथा हिमालय के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी को बताया है।

चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान मंगलवार को आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चण्डीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी के अनुसार, "चण्डीगढ़ और पंजाब तथा हरियाणा के आस पास के शहरों में बादल छाए हुए हैं। मंगलवार रात हल्की बारिश की सम्भावना है। इससे क्षेत्र में पारा और नीचे जा सकता है।"

कश्मीर घाटी के लेह में तापमान गिरकर शून्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया, जो इस मौसम का न्यूनतम है। घाटी में 13-15 दिसम्बर के बीच हल्की से भारी बर्फबारी हो सकती है।

स्थानीय मौसम विभाग के उप निदेशक एआर जरगर ने कहा, "घाटी में तथा जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में 13, 14 और 15 दिसम्बर को हल्की से भारी बर्फबारी होने के अनुमान हैं।"

जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान मंगलवार को शून्य से 1.7 डिग्री, पहलगाम में 2.2 डिग्री, गुलमर्ग में 7.5 डिग्री और कारगिल में 7.8 डिग्री कम दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में पिछले कुछ दिनों से चल रही पछुआ हवाओं की वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पछुआ हवाओं की वजह से मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ गई है। बुधवार को दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आने की सम्भावना है। सुबह कोहरा छाने की भी सम्भावना है।

मध्य प्रदेश में कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने की उम्मीद है, जिसके कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बारिश होने की सम्भावना है। भोपाल का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना सहित राज्य के कुछ इलाकों में मंगलवार को कोहरे के कारण धूप नहीं निकली। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड में वृद्धि हुई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक, मंगलवार सुबह पटना सहित कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे ठंड बढ़ेगी। शाम होते ही कोहरा छा जाएगा, जो रातभर बना रहेगा।