यह ख़बर 30 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पाकिस्तान की ओर से लगातार संघर्ष विराम उल्लंघन उकसाने वाला : जेटली

नई दिल्ली:

नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लघन जारी रखने को 'गंभीर और उकसाने वाला' करार देते हुए भारत ने आज कहा कि यह द्विपक्षीय संबंधों के लिए 'बहुत अनुकूल' नहीं हैं।

रक्षामंत्री अरुण जेटली ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन उकसावे की कार्रवाई है और भारतीय सेना सतर्क है और हर स्थिति का जवाब दे रही है।

जेटली ने यहां मीडिया से कहा, 'नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर, दोनों जगह संघर्ष विराम का उल्लंघन गंभीर और उकसावे वाला है। सेना पूरी तरह सतर्क है और हर स्थिति का जवाब दे रही है।'

जेटली ने कहा कि इन घटनाक्रमों से जो वातावरण बन रहा है वह द्विपक्षीय संबंधों के लिए बिल्कुल अनुपयुक्त है। उन्होंने कहा, 'इससे एक ऐसा वातावरण बन रहा है, जो दोनों देशों के संबंधो के लिए उपयुक्त नहीं है।'

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आशा करता है कि दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) की बैठक के बाद पाकिस्तान संघर्ष विराम उल्लंघनों पर रोक लगाएगा।

जेटली ने कहा, 'बल्कि एक जवान के शहीद होने की घटना के बाद हम आशावान हैं कि डीजीएमओ की बातचीत के बाद स्थितियां बेहतर होंगी।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गौरतलब है कि शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास आतंकवादियों के खिलाफ एक अभियान में एक जवान शहीद हो गया।