पंजाब में कलह सही से निपटी भी नहीं है कि राजस्थान (Rajasthan Issue) का मामला अब सुर्खियों में है. दरअसल, राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के घर पर हुई राजस्थान को लेकर अहम बैठक हुई है. सूत्रों के मुताबिक- कांग्रेस आलाकमान की सीएम गहलोत को हिदायत है कि जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार हो और पायलट के वफादारों को जगह दी जाए.इस बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल शामिल हुए. वहीं आज उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ देश भर में छठ पर्व (Chhath Puja) संपन्न हो गया. दिल्ली सहित देश भर के कई शहरों में श्रद्धालु नदी किनारे जुटे. बता दें कि दिल्ली में छठ के मौके पर यमुना में ज़हरीले झाग के मुद्दे पर जमकर राजनीति हो रही है. अब इस मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये राजनीति या तू-तू मैं-मैं का समय नहीं है.चाहे इस पार्टी के हों या उस पार्टी के, इस वक़्त सब एक साथ मिलकर छठ मनाएं. साथ ही केजरीवाल ने कहा कि छठ पर सकारात्मकता होनी चाहिए, मैं विरोधियों के सुख की भी कामना करता हूं. बिहार से लेकर अमेरिका तक श्रद्धालु सूर्य के अर्घ्य देकर पूजा का समापन करते दिखे.
उधर, दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु में बारिश का कहर जारी है. आज भी भारी बारिश के आसार हैं. अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है. पूरे चेन्नई में पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं, जिनकी संख्या करीब 500 बताई जा रही है. तमिलनाडु के नागापत्तिनम में लगातार बारिश से ज़्यादा बुरा हाल है, जिसके चलते बुधवार को NDRF टीम ने मदुरै से नागापत्तिनम की तरफ़ रुख किया है. नागापत्तिनम में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और NDRF टीम पूरी कोशिश में जुटी हुई है कि लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा सके. वहीं कोरोना संकट की बात करें तो देश में नए केसों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आ रही है. देश में वैक्सीनेशन की रफ़्तार को लेकर आज अहम बैठक होने जा रही है. स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे और हर घर दस्तक कार्यक्रम पर बात होगी.
LIVE UPDATES