यह ख़बर 25 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

केजरीवाल की 'आम आदमी पार्टी' की आज पहली बैठक

खास बातें

  • अरविंद केजरीवाल की 'आम आदमी पार्टी' की पहली बैठक आज शाम को प्रशांत भूषण के घर पर होने जा रही है। इस बैठक में पार्टी के सर्वोच्च नेता का चुनाव किया जाएगा।
नई दिल्ली:

अरविंद केजरीवाल की 'आम आदमी पार्टी' की पहली बैठक आज शाम को प्रशांत भूषण के घर पर होने जा रही है। इस बैठक में पार्टी के सर्वोच्च नेता का चुनाव किया जाएगा।

इससे पहले लंबे इंतजार के बाद शनिवार को अरविंद केजरीवाल की राजनैतिक पार्टी का नाम सामने आ गया। 'आम आदमी पार्टी' को चलाने के लिए एक राष्ट्रीय परिषद का गठन किया जाएगा, जो सभी बड़े फैसले लेगी। पार्टी का मकसद कानून निर्माण में ग्रामसभा को ज्यादा हिस्सेदारी देना और उच्चतर न्यायपालिका को आम आदमी के लिए ज्यादा सुलभ बनाना हो।

पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनावों के साथ अपनी चुनावी लड़ाई का आगाज करेगी। दिल्ली में अगले साल के आखिर में चुनाव होने हैं। 10 रुपये सदस्यता शुल्क देकर कोई भी तीन साल के लिए आम आदमी पार्टी का सदस्य बन सकता है।

केजरीवाल ने कहा कि 320 सदस्यों की राष्ट्रीय परिषद के गठन के बाद 23 सदस्यों का चयन राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर जिला समिति से एक-एक सदस्य को शामिल कर परिषद को विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकारी समिति में 20 सदस्य होंगे और जल्द ही रिक्त सीटों को भर लिया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा, हमें देखना होगा कि समिति में सभी वर्ग को स्थान मिले। अगर पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक आदि को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलता है, तो हम पांच और सदस्य को शामिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में दो तरह के सदस्य होंगे - साधारण और सक्रिय सदस्य। कोई भी तीन साल के लिए 10 रूपये का शुल्क देकर साधारण सदस्य बन सकता है और कोई भी साधारण सदस्य जो पार्टी और राष्ट्र के लिए चार महीने अथक काम कर सक्रिय सदस्य बन सकता है।

उन्होंने कहा, किसी को सक्रिय सदस्य बनाने का फैसला समिति करेगी। भारतीय राजनीति के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि अगर कोई प्रदेश कार्यकारिणी या राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद का सदस्य बनता है, तो किसी परिषद में उसके संबंधियों को जगह नहीं दी जाएगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट भाषा से भी)