यह ख़बर 21 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

आडवाणी ने फिर साधा मनमोहन पर निशाना

खास बातें

  • कांग्रेस पर भी कड़ा रुख अख्तियार करते हुए आडवाणी ने कहा कि हर दिन बीतने के साथ संप्रग सरकार में अंत नजदीक होने के लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
Kolkata:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर एक बार फिर निशाना साधते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि वह सबसे कमजोर प्रधानमंत्री हैं, जिसके चलते उनकी सरकार में कई अंग निष्क्रिय होने के बाद अंत नजदीक होने के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। इससे दो दिन पहले प्रधानमंत्री ने आडवाणी से अपने खिलाफ कठोर भाषा का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कहा था। आडवाणी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, प्रधानमंत्री ने कहा है कि हमें कड़े शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। मैंने क्या कठोर शब्द कहे? मैंने केवल इतना कहा कि (जवाहरलाल) नेहरू से लेकर सभी प्रधानमंत्रियों में मनमोहन सिंह सबसे कमजोर हैं। यह एक राजनीतिक टिप्पणी है। इसमें कठोरता कहां है? अपने बयान को वापस नहीं लेने पर जोर देते हुए भाजपा नेता ने कहा, प्रधानमंत्री का कहना है कि वह आहत हुए हैं, क्योंकि मैंने उन्हें सबसे कमजोर प्रधानमंत्री कहा। अगर वास्तविकता को वैसे ही बयां करना अनुचित है, तो मैं दोषी हूं। लेकिन मैंने नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 2जी घोटाले से बचा जा सकता था और यदि मनमोहन सिंह जी ने सक्रियता दिखाई होती, तो राजकोष को होने वाले 1.76 लाख करोड़ रुपये के अनुमानित नुकसान को रोका जा सकता था। कांग्रेस पर भी इतना ही कड़ा रुख अख्तियार करते हुए पूर्व उप प्रधानमंत्री ने कहा, हर दिन गुजरने के साथ संप्रग सरकार में अंत नजदीक होने के सभी लक्षण दिखाई दे रहे हैं, जिसका नेतृत्व नाम से तो मनमोहन सिंह कर रहे हैं, लेकिन नियंत्रण सोनिया गांधी कर रहीं हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com