सर्दियों का मौसम आते ही भारतीय घरों में संतरा और टमाटर दो ऐसी चीजें हैं जो खूब देखने को मिलती हैं. सबसे अच्छी बात ये कि इन्हें कई तरह से डाइट में शामिल किया जा सकता है. जूस को सेहत के लिए वरदान माना जाता है. लेकिन अगर आपको ब्लड शुगर की दिक्कत है, तो ये सवाल सबसे जरूरी हो जाता है कि सुबह कौन सा जूस पिएं? क्योंकि एक गलत जूस आपकी सुबह की शुगर को 200 के पार भी पहुंचा सकता है. खाली पेट जूस पीने पर शुगर सीधे खून में जाती है. अगर जूस में फाइबर नहीं है, तो शुगर और भी तेजी से बढ़ेगी. इसीलिए शुगर वाले मरीजों के लिए खाली पेट कोई भी मीठा जूस पीना रिस्की हो सकता है. तो चलिए जानते हैं शुगर के मरीजों के लिए सुबह कौन सा जूस पीना फायदेमंद है.
टमाटर का जूस क्यों है शुगर वालों के लिए बेस्ट-
टमाटर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत कम होता है, लगभग 15 से 20 के बीच. मतलब इसे पीने से शुगर धीरे-धीरे बढ़ती है, एकदम से स्पाइक नहीं आता. इसमें लाइकोपीन नाम का एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो इंसुलिन को बेहतर काम करने में मदद कर सकता है. इसमें पोटैशियम और विटामिन C भी होता है, जो ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल में रख सकता है.

Photo Credit: iStock
ब्लड शुगर के मरीजों के लिए संतरे का जूस मीठा जहर या गलतफहमी?
संतरे का जूस पीने में जितना टेस्टी लगता है, शुगर के लिए उतना ही धोखेबाज है. एक संतरे में लगभग 12 ग्राम शुगर होती है, लेकिन एक गिलास जूस बनाने के लिए 3-4 संतरे लगते हैं. मतलब आप एक साथ 35-40 ग्राम शुगर पी जाते हैं, और वो भी बिना फाइबर के. संतरे का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 50 के आसपास है, जो टमाटर से बहुत ज्यादा है. इसीलिए संतरे का जूस पीते ही शुगर तेजी से बढ़ सकती है. साबुत संतरे में फाइबर होता है, जो शुगर को धीरे-धीरे बढ़ाता है. लेकिन जूस में वो फाइबर निकल जाता है.
शुगर कंट्रोल के लिए सुबह कौन सा जूस पीएं-
अगर आपको शुगर है और जूस पीना है, तो टमाटर का जूस ही चुनिए. टमाटर का जूस हमेशा बिना नमक और बिना चीनी के पीजिए. इसमें थोड़ा सा काला नमक, भुना जीरा और नींबू डाल सकते हैं, स्वाद भी बढ़ेगा और फायदा भी होगा. संतरे का जूस अगर पीना ही है, तो 100-150 ml से ज्यादा न पीएं और उसे खाली पेट पीने से बचें.
क्या कहती है रिसर्च-
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की रिसर्च के अनुसार खाना खाने से 30 मिनट पहले टमाटर का जूस पीने से खाने के बाद वाली शुगर कम बढ़ती है. टमाटर के जूस ने ग्लूकोज पीक को 25% तक कम किया.
नोट- ब्लड शुगर के मरीज या डायबिटीज मरीजों को डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से एक बार परामर्श जरूर करना चाहिए.
ये भी पढ़ें- फैटी लिवर को कैसे ठीक करें? आचार्य मनीष ने बताया Liver को हेल्दी रखने का रामबाण तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं