जब भी हेल्दी डाइट की बात आती है सबसे पहले हमारा ध्यान प्रोटीन पर जाता है. जिम जाने वाले हों या वजन घटाने वाले, हर कोई प्रोटीन की पूर्ति पर ध्यान देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रोटीन के चक्कर में हम एक बहुत ही जरूरी चीज़ को भूल रहे हैं? वो चीज़ है फाइबर. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना.
हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अच्छी सेहत के लिए फाइबर उतना ही जरूरी है जितना कि प्रोटीन या कोई दूसरा न्यूट्रिएंट. फाइबर मुख्य रूप से पेड़-पौधों से मिलने वाली चीज़ों जैसे फलों, सब्जियों, साबुत अनाज, दालों, नट्स और बीजों में पाया जाता है.
आपको बता दें कि फैट, प्रोटीन और नॉर्मल कार्बोहाइड्रेट की तरह फाइबर हमारे शरीर में टूटता नहीं है, बल्कि यह सीधे हमारे डाइजेस्टिव सिस्टम से होकर गुजरता है. यही वजह है कि यह हमारे पेट को साफ रखने में सबसे ज्यादा मदद करता है.
फाइबर खाने के फायदे- (Benefits of Fiber)
- वजन कंट्रोल- फाइबर खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे आप फालतू की चीजें खाने से बच जाते हैं.
- ब्लड शुगर- यह शरीर में शुगर के सोखने की स्पीड को धीमा करता है, जिससे ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता.
- बीमारियों का खतरा कम- पर्याप्त फाइबर लेने से दिल की बीमारी टाइप 2 डायबिटीज का खतरा काफी कम हो जाता है.
- गट हेल्थ- फाइबर हमारे पेट में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया का खाना है. जब ये बैक्टीरिया मजबूत होते हैं, तो हमारा डाइजेशन, इम्यूनिटी और यहां तक कि हमारा मूड और दिमाग भी बेहतर तरीके से काम करता है.
रोजाना 40 ग्राम फाइबर कैसे पाएं? (How to get 40g Fiber Daily)
न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा (Lovneet Batra) ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर एक बहुत ही आसान और सिंपल वेजिटेरियन डाइट प्लान शेयर किया है. इस प्लान को फॉलो करके आप बिना किसी तामझाम के दिनभर में लगभग 40 ग्राम फाइबर आसानी से पा सकते हैं.
1. सुबह का नाश्ता-
- लवनीत बत्रा अपने दिन की शुरुआत एक बेहद हेल्दी और फाइबर से भरपूर नाश्ते से करती हैं. उनके नाश्ते में शामिल होता है.
- आधा एवोकाडो- इससे लगभग 6.8 ग्राम फाइबर मिलता है.
- आधा कप पका हुआ दलिया- इससे शरीर को 4.1 ग्राम फाइबर मिलता है.
- आधा कप स्प्राउट्स- इससे 1 ग्राम फाइबर मिलता है.
- कुल फाइबर- सुबह के नाश्ते से ही शरीर को 11.9 ग्राम फाइबर मिल जाता है.
2. लंच-
- एक कटोरी राजमा- जिससे 5.7 ग्राम फाइबर मिलता है.
- दो गेहूं की रोटियां- इससे 6.4 ग्राम फाइबर मिलता है.
- आधा कप सब्जी- जिससे 1 ग्राम फाइबर मिलता है.
- कुल फाइबर- दोपहर के खाने से आपको 13.1 ग्राम फाइबर मिल जाता है.
3. शाम का स्नैक्स-
एक मीडियम साइज का शकरकंद- इसे खाने से शरीर को 6.6 ग्राम फाइबर मिलता है.
4. रात का खाना-
रात का खाना हल्का होना चाहिए, लेकिन फाइबर से भरपूर. लवनीत बत्रा के डिनर में ये चीज़ें शामिल होती हैं.
- 100 ग्राम टोफू- इससे 2.3 ग्राम फाइबर मिलता है.
- एक कप उबली या पकी हुई ब्रोकली- इससे 4.2 ग्राम फाइबर मिलता है.
- आधा कप पका हुआ क्विनोआ- जिससे 2.6 ग्राम फाइबर मिलता है.
- कुल फाइबर- रात के खाने से शरीर को 9.1 ग्राम फाइबर मिलता है.
टोटल फाइबर काउंट-
अगर हम न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा के इस पूरे दिन के मील प्लान को जोड़ें, तो सुबह से रात तक में आपके शरीर को कुल 40.7 ग्राम फाइबर मिल जाता है.
ये भी पढ़ें- ठंडी लस्सी पीते ही क्यों फूलने लगता है पेट? गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने बताई वजह और दूसरे ऑप्शन्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं