गुजरात के सूरत से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां महज 5 साल की एक मासूम बच्ची खेलते-खेलते सड़क किनारे खड़ी थी कि तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि बच्ची हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी और इसके बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका. पूरी घटना केवल तीन सेकंड में हुई और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा 29 जून की दोपहर करीब 12 बजकर 27 मिनट पर सूरत के सचिन थाना क्षेत्र के इकलेरा गांव में हुआ. कमलम पब्लिक स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में दिखाई देता है कि सड़क किनारे मौजूद 5 वर्षीय आरती बारिया अचानक तेज गति से आ रही एक काले रंग की कार की चपेट में आ जाती है.
टक्कर के बाद कई फीट दूर जा गिरी बच्ची
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर लगते ही मासूम बच्ची कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिर गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले सब कुछ खत्म हो चुका था. घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि टक्कर के बाद भी चालक ने गाड़ी रोकने की कोशिश नहीं की. बताया जा रहा है कि बच्ची के ऊपर से कार के आगे और पीछे दोनों पहिए गुजर गए. इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया.
मजदूरी कर रहे थे माता-पिता
जानकारी के अनुसार, आरती बारिया के माता-पिता पास की एक निर्माणाधीन सोसाइटी में मजदूरी का काम कर रहे थे. उस समय बच्ची बाहर खेल रही थी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग बदहवास होकर मौके पर पहुंचे. मासूम की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
अस्पताल पहुंचने से पहले निकली जान
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे नगर निगम संचालित स्मीमेर अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
घटना की सूचना मिलते ही सचिन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं