गुजरात के आणंद जिले के वल्लभ विद्यानगर स्थित राणक गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मेस में खाना खाने के बाद बड़ी संख्या में छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई. देर रात एक के बाद एक छात्राओं को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते करीब 200 छात्राएं इसकी चपेट में आ गईं, जिससे पूरे हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही पहुंचीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और छात्राओं का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया. जिन छात्राओं में गंभीर लक्षण दिखाई दिए, उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया.
13 छात्राओं को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हॉस्टल प्रशासन के अनुसार 13 छात्राओं को एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने सभी छात्राओं की निगरानी की और जरूरी इलाज उपलब्ध कराया. राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती सभी छात्राओं की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताई जा रही हैं.
मेस में परोसा गया था पनीर और फ्रूट सलाद
हॉस्टल की ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी डॉ. केतकी सेठ ने बताया कि हॉस्टल में करीब 900 छात्राएं रहती हैं. गुरुवार रात के भोजन में पनीर की सब्जी और फ्रूट सलाद परोसा गया था. इसके लिए इस्तेमाल किया गया पनीर और दूध बाहर से मंगाया गया था. प्रारंभिक आशंका इसी भोजन से जुड़ी हुई मानी जा रही है.
FSL जांच से खुलेगा बीमारी का राज
डॉ. सेठ के मुताबिक पनीर और दूध के नमूने जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेज दिए गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि छात्राओं की तबीयत खराब होने की वजह मेस का खाना था या कोई दूसरी वजह.
घटना के बाद हॉस्टल प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए वर्तमान मेस के रसोइए की जगह अस्थायी व्यवस्था लागू कर दी है. जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक छात्राओं के भोजन की व्यवस्था दूसरे हॉस्टल की मेस से की जा रही है.
यह भी पढ़ें- Zomato का बड़ा फैसला, COD ऑर्डर करने पर अब देना होगा इतना एक्स्ट्रा चार्ज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं