स्पेन की विश्व कप विजेता टीम सोमवार दोपहर को स्वदेश लौटने के लिए तैयार है, जहां टीम के 11 सदस्यों का स्वागत स्पेन के शाही महल और प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज द्वारा किया जाएगा. इसके बाद शाम को खिलाड़ी खुली छत वाली बस में सवार होकर शहर के मध्य भाग में विजय परेड में हिस्सा लेंगे. टीम के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में फैंस के जुटने की उम्मीद है. परेड प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास मोनक्लोआ पैलेस के निकट से शुरू होकर सिबेल्स स्क्वायर तक जाएगी. इसके बाद सिबेल्स स्क्वायर पर खिलाड़ियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित होगा. यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां स्पेन की राष्ट्रीय टीमें और उनके समर्थक बड़ी जीत के बाद पारंपरिक रूप से जश्न मनाते रहे हैं.
स्पेन ने रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में खेले गए फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर विश्व कप का खिताब अपने नाम किया. स्पेन ने इससे पहले 2010 में दक्षिण अफ्रीका में पहली बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीती थी. इस तरह यह उसके इतिहास का दूसरा विश्व कप खिताब है.
फाइनल की समाप्ति के साथ ही मैड्रिड जश्न में डूब गया. हजारों समर्थक बार और रेस्तरां से निकलकर सड़कों पर उमड़ पड़े. कई लोग स्पेन का राष्ट्रीय ध्वज ओढ़े हुए थे, जबकि अनेक प्रशंसक टीम के रंगों वाली जर्सियां पहने हुए थे. राजधानी के पुर्ता देल सोल सहित प्रमुख चौक लोगों से खचाखच भर गए। समर्थकों ने गीत गाए, नृत्य किया, आतिशी की और पूरे शहर में वाहनों के हॉर्न गूंजते रहे. कई लोग सोमवार तड़के तक जीत का जश्न मनाते रहे.
सोमवार सुबह 19 वर्षीय विक्टर आल्वारेज ने कहा,"मैं बहुत खुश हूं. मैंने केवल तीन-चार घंटे ही सोया है, लेकिन टीम के लिए मैं कुछ भी करने को तैयार हूं." पुरुष विश्व कप के साथ-साथ 2023 में स्पेन द्वारा जीते गए महिला विश्व कप को मिलाकर यह यूरोपीय देश एक साथ पुरुष और महिला दोनों विश्व कप खिताब अपने पास रखने वाला पहला देश बन गया है.
जश्न के बीच एक दुखद घटना भी सामने आई. स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मैड्रिड के उत्तर-पश्चिम में स्थित सलामांका में 13 वर्षीय एक किशोर की उस समय मृत्यु हो गई, जब वह दोस्तों के साथ जश्न मनाने के लिए जिस फव्वारे पर चढ़ा था, वह ढह गया. स्पेन फुटबॉल टीम के कई युवा समर्थकों के लिए यह पहली बार है जब उन्होंने पुरुष राष्ट्रीय टीम को विश्व कप ट्रॉफी उठाते देखा है. इसी कारण पूरे देश में उत्साह और उल्लास का अभूतपूर्व माहौल है.
टीम के लौटने से पहले ही मैड्रिड के बराखास हवाई अड्डे के आगमन क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रशंसक उनका स्वागत करने के लिए पहुंच गए. अनेक लोग टीम की जर्सी पहने हुए थे और हाथों में स्पेन के राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे. टीम के समर्थक सोमवार सुबह से ही सिबेल्स स्क्वायर के आसपास अपनी जगह सुरक्षित करने लगे. तेज धूप और 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाले संभावित तापमान से बचने के लिए वे अपने साथ छतरियां भी लेकर पहुंचे.
यह भी पढ़ें: '4 करोड़ 70 लाख लोगों ने गोल किया' स्पेन को विश्व विजेता बनाने के बाद फेरान टोरेस हुए इमोशनल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं