Lionel Messi, Argentina vs Egypt FIFA World Cup 2026: फीफा 2026 के राउंड ऑफ 16 में मंगलवार को अटलांटा में ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना एक समय मिस्र के खिलाफ दो गोल से पीछे था, लेकिन आखिरी 13 मिनट में टीम ने शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. इस मुकाबले में अर्जेंटीना के लिए शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. मैच के 21वें मिनट में कप्तान लियोनेल मेसी को पेनल्टी मिली, लेकिन वह इस शानदार मौके को गोल में नहीं बदल पाए. दूसरी ओर, मिस्र ने मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया और यासर इब्राहिम ने 15वें मिनट में खाता खोला, जबकि 62वें मिनट में मुस्तफा जिको ने दूसरा गोल दागकर अर्जेंटीना पर दबाव और बढ़ा दिया. उस वक्त लग रहा था कि मौजूदा चैंपियन का सफर यहीं खत्म हो जाएगा.
अंतिम सीटी बजने के बाद मेसी भावुक
मैच खत्म होते ही लियोनेल मेसी भावुक हो गए. अंतिम सीटी बजने के बाद वह सुबक-सुबक कर रोते दिखाई दिए. शुरुआती पेनल्टी चूकने के बावजूद टीम की वापसी और क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी.
Messi in tears 🥹 https://t.co/7U6JhUygCK
— alex 🇲🇽 (@araujo_ball) July 7, 2026
Messi in tears after beating Egypt. Knew he was was 15 minutes away from end of his World Cup career before insane comeback. https://t.co/Ss7NcQ5RUC pic.twitter.com/QdNqgb4ICD
— Trung Phan (@TrungTPhan) July 7, 2026
पहले पेनल्टी नहीं भुना सके मेसी, फिर संभाली कमान
दबाव के बीच मेसी ने टीम की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली. 79वें मिनट में उनके बनाए मूव का फायदा उठाते हुए क्रिस्टियन रोमेरो ने गोल किया और अर्जेंटीना की वापसी की उम्मीद जगा दी. चार मिनट बाद मेसी ने खुद स्कोर बराबर कर दिया. लुटारो की लंबी गेंद सीधे उनके पास पहुंची. मेसी ने बिना देर किए शॉट लगाया. मिस्र के गोलकीपर शोबेइर ने गेंद को रोकने की कोशिश जरूर की, लेकिन वह क्रॉसबार से टकराकर गोल के अंदर चली गई और स्कोर 2-2 हो गया.
इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडीज बने हीरो
मैच में 13 मिनट का इंजरी टाइम जोड़ा गया था. इसी अतिरिक्त समय के 92वें मिनट में एंजो फर्नांडीज ने शानदार फिनिश के साथ अर्जेंटीना को 3-2 की बढ़त दिला दी. आखिर तक यही बढ़त कायम रही और टीम ने क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया.
इसके साथ ही यह मुकाबला एक और वजह से खास रहा. अर्जेंटीना ने 2018 में फ्रांस के खिलाफ खेले गए राउंड ऑफ 16 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के किसी मैच के पहले हाफ में गोल खाया. इससे पहले टीम लगातार 11 वर्ल्ड कप मुकाबलों तक पहले हाफ में विपक्षी टीम को गोल करने का मौका नहीं दे सकी थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं