विज्ञापन

क्या मेसी vs एम्बाप्पे फाइनल फिर देखने को मिलेगा? खिताबी मुकाबले में टीमों के भिड़ने की 4 संभावनाएं

FIFA World Cup 2026 के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ है. फाइनल की टीमों की 4 संभावनाएं हैं. इनमें कौन सा मुकाबला सबसे अधिक रोमांचक साबित हो सकता है?

क्या मेसी vs एम्बाप्पे फाइनल फिर देखने को मिलेगा? खिताबी मुकाबले में टीमों के भिड़ने की 4 संभावनाएं
मेसी और एम्बाप्पे की टीमों के बीच फिर फाइनल की कितनी संभावना?
AFP

इतना तय है कि इस बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब किसी नई टीम के पास नहीं जाएगा. फिलहाल सेमीफाइनल में फ्रांस vs स्पेन और अर्जेंटीना vs इंग्लैंड का मुकाबला हो रहा है. ये चारों टीमें पहले भी वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी हैं और अब न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में 19 जुलाई को होने वाले फाइनल में जगह बनाने की रेस में हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि सेमीफाइनल के नतीजों के आधार पर फाइनल के सिर्फ चार संभावित मुकाबले हो सकते हैं. तो चलिए देखते हैं कि जब ये टीमें आमने-सामने होंगी तो उनका समीकरण कैसा रहेगा क्योंकि हर मुकाबले की अपनी अलग कहानी है. 

1. फ्रांस vs इंग्लैंडः यूरोप की सबसे बड़ी टक्कर

अगर सेमीफाइनल में फ्रांस ने स्पेन को और इंग्लैंड ने अर्जेंटीना को हरा दिया तो वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार फ्रांस और इंग्लैंड फाइनल में आमने-सामने होंगे. अगर इन्हीं दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ, तो इसे यूरोप के दो सबसे मजबूत फुटबॉल देशों की जंग माना जाएगा.

इस मुकाबले में कई दिलचस्प बातें होंगी. इंग्लैंड 1966 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगा. इंग्लैंड अब तक एक ही बार फाइनल में पहुंच सका है और तब उसने ट्रॉफी भी हासिल की थी.

फ्रांस लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड बना सकता है. जर्मनी और ब्राजील पहले ही यह रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं, तो फ्रांस फाइनल में पहुंचा तो इस रिकॉर्ड की बराबरी होगी.

वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का जश्न मनाते हुए एम्बाप्पे

2018 के फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का जश्न मनाते हुए एम्बाप्पे
Photo Credit: AFP

2018 में फ्रांस ने क्रोएशिया को हरा कर ट्रॉफी जीती थी, तो 2022 में उसे पेनल्टी शूट आउट में 2-4 से अर्जेंटीना के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. 

वहीं 2022 वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल में फ्रांस ने ही इंग्लैंड को बाहर किया था. ऐसे में अगर इंग्लैंड और फ्रांस एक बार फिर फाइनल में आमने सामने हुए, तो इंग्लैंड के पास इस बार बदला लेने का मौका होगा.

वहीं गोल्डन बूट की रेस में 8 गोल के साथ मेसी के साथ बराबरी पर चल रहे किलियन एम्बाप्पे और जूड बेलिंघम आमने-सामने होंगे. नॉर्वे पर जीत में जूड ही इंग्लैंड के हीरो रहे थे. टूर्नामेंट में जूड ने भी छह गोल किए हैं और अपने टीम के साथी हैरी केन के साथ इस वर्ल्ड कप में गोल दागने के मामले में बराबरी पर हैं.

वहीं इस मैच में हैरी  केन और टूर्नामेंट में सबसे अधिक 5 गोल असिस्ट करने वाले माइकल ओलिसे जैसे जर्मन क्लब बायर्न म्यूनिख की खतरनाक जोड़ी भी विरोधी बन जाएंगे.

ये भी पढ़ें: Explainer: पहले परेडेस को मिला येलो, फिर रेफरी ने एम्बोलो को दिखा दिया रेड कार्ड, आखिर हुआ क्या था मैदान पर?

एम्बाप्पे और मेसी

एम्बाप्पे और मेसी
Photo Credit: AFP

2. फ्रांस vs अर्जेंटीना. क्या फिर दोहराएगा 2022 का फाइनल?

अगर फ्रांस और अर्जेंटीना अपने-अपने सेमीफाइनल जीतते हैं तो दुनिया को फिर वही मुकाबला देखने मिलेगा जिसने कतर 2022 के फाइनल को इतिहास का सबसे यादगार मैच बना दिया था. उस फाइनल में अर्जेंटीना ने 3-3 की बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में फ्रांस को 4-2 से हराया था.

अब अगर दोनों टीमें फिर भिड़ती हैं तो कई बड़े दांव होंगे. फ्रांस 2022 की हार का बदला लेना चाहेगा. तो अर्जेंटीना लगातार दूसरा वर्ल्ड कप जीतकर 1962 के बाद पहली ऐसी टीम बनना चाहेगा जो खिताब बचाने में कामयाब रही.

वहीं लियोनेल मेसी और किलियन एमबाप्पे एक बार फिर सबसे बड़े मंच पर सबसे बड़े मुकाबले में आमने-सामने होंगे. 

दोनों टीमें अब तक फीफा वर्ल्ड कप में चार बार भिड़ चुके हैं, दोनों ने दो-दो बार एक दूसरे को हराया है. अर्जेंटीना ने 1930 और 1978 में ग्रुप स्टेज मुकाबले में फ्रांस को हराया. तो 2018 में पहली बार फ्रांस ने उसे नॉकआउट राउंड में हराया और अंत में ट्रॉफी भी हासिल की. 

अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचीं तो ये लगातार तीसरे वर्ल्ड कप में एक दूसरे का सामना करेंगी. ऐसे में यह मुकाबला दोनों के बीच कुछ बेस्ट ऑफ थ्री जैसा बन जाएगा.

ये भी पढ़ें: 650 मिनट टिकी थी स्पेन की 'फुटबॉल की दीवार', ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर बेल्जियम ने लगा दिया ब्रेक

Gavi #9, Pedri #20 and Ferran Torres #7 of Spain

स्पेन के गावी (#9), पेड्री (#20) और टोरेस (#7)
Photo Credit: AFP

3. स्पेन vs इंग्लैंडः यूरो 2024 फाइनल का रीमैच

अगर स्पेन ने फ्रांस को और इंग्लैंड ने अर्जेंटीना को हरा दिया तो दुनिया को यूरो 2024 फाइनल का रीमैच देखने मिलेगा यूरो 2024 के फाइनल में स्पेन ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर खिताब जीता था. अब इंग्लैंड के पास बदला लेने का मौका होगा.

इस मुकाबले की खास बातें. दोनों टीमें वर्ल्ड कप इतिहास में सिर्फ एक-एक बार चैंपियन बनी हैं. वर्ल्ड कप में दोनों सिर्फ दो बार भिड़ी हैं. 1950 में स्पेन जीता था. 1982 में मुकाबला ड्रॉ रहा था.

करीब 44 साल बाद दोनों टीमें वर्ल्ड कप में फिर आमने-सामने आ सकती हैं और इस बार दांव पर ट्रॉफी होगी.

7 जुलाई को मिस्र के खिलाफ राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में गोल करने के बाद जश्न मनाते मेसी

7 जुलाई को मिस्र के खिलाफ राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में गोल करने के बाद जश्न मनाते मेसी
Photo Credit: AFP

4. स्पेन vs अर्जेंटीना: यूरोपियन चैंपियन vs मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन

अगर स्पेन और अर्जेंटीना फाइनल में पहुंचते हैं तो यह इतिहास का बेहद खास मुकाबला होगा. ऐसा पहली बार होगा जब मौजूदा यूरोपीय चैंपियन और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन वर्ल्ड कप फाइनल में आमने-सामने होंगे.

स्पेन और अर्जेंटीना की वर्ल्ड कप में आखिरी भिड़ंत 1966 में हुई थी, जिसमें अर्जेंटीना जीता था. अगर स्पेन जीता तो यह केवल दूसरी खिताबी जीत होगी. पहली बार 2010 में स्पेन ने नीदरलैंड को हराकर पहली बार ट्रॉफी हासिल की थी.

अगर अर्जेंटीना जीता तो उसके चार वर्ल्ड कप हो जाएंगे और वह जर्मनी और इटली की बराबरी कर लेगा. हालांकि तब भी सबसे अधिक बार फीफा वर्ल्ड कप जीतने का रिकॉर्ड ब्राजील के नाम ही रहेगा, जिसने यह कारनामा पांच बार किया है.

सबसे बड़ी दिलचस्पी लियोनेल मेसी और युवा स्टार लामिन यामाल की भिड़ंत को लेकर होगी. एक तरफ फुटबॉल का महान खिलाड़ी और दूसरी तरफ नई पीढ़ी का सबसे बड़ा सितारा.

चारों संभावित फाइनल अपने आप में ऐतिहासिक हैं. अब सिर्फ सेमीफाइनल का इंतजार है, जिसके बाद तय होगा कि 19 जुलाई को न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में फुटबॉल की सबसे बड़ी फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी के लिए आखिर कौन सी दो टीमें आमने-सामने होंगी

ये भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप से बाहर हुए केविन, पर दिल जीत रही उनकी 12 साल पुरानी लव स्टोरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Football, Lionel Messi, Kylian Mbappe Lottin, 2026 FIFA World Cup, FIFA Club World Cup 2025, 2018 FIFA World Cup, FIFA World Cup 2022, Argentina, England, France, Spain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com