- बेल्जियम इस वर्ल्ड कप में स्पेन के खिलाफ गोल करने वाली पहली टीम बनी.
- उनाई सिमोन का 650 मिनट का क्लीन शीट रिकॉर्ड आखिरकार खत्म हुआ.
- इससे पहले सबसे बड़ा रिकॉर्ड इटली के वाल्टर जेंगा (517 मिनट) के नाम था.
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टरफाइनल में आखिरकार वह रिकॉर्ड टूट गया, जिसे पूरे टूर्नामेंट में कोई और टीम नहीं तोड़ पाई थी. स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन का 650 मिनट तक चला क्लीन शीट का ऐतिहासिक सिलसिला बेल्जियम ने खत्म कर दिया. मैच के 41वें मिनट में टिमोथी कास्टान्ये ने बॉक्स में शानदार क्रॉस डाला, जिस पर चार्ल्स डी केटेलारे ने डिफेंडर पाउ कुबार्सी से आगे निकलकर हेडर लगाया और गेंद सीधे गोल में पहुंच गई. इसी के साथ बेल्जियम इस वर्ल्ड कप में स्पेन के खिलाफ गोल करने वाली पहली टीम बन गई. इसके साथ ही वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे लंबा गोलरहित सिलसिला भी यहीं खत्म हो गया.

फीफा वर्ल्ड कप में स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन गोल बचाते हुए
Photo Credit: AFP
कैसे बना ये 650 मिनट का रिकॉर्ड?
दरअसल, स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन इस वर्ल्ड कप में लगातार 650 मिनट तक कोई गोल नहीं होने दिए थे. क्वार्टरफाइनल से पहले तक स्पेन के खिलाफ एक भी गोल नहीं हो सका था. इसके साथ ही यह टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे लंबा क्लीन शीट रिकॉर्ड बन गया था. इसका सिलसिला पिछले वर्ल्ड कप में मोरक्को के खिलाफ राउंड ऑफ 16 के 0-0 मुकाबले से शुरू हुआ यह सिलसिला 2026 के फीफा वर्ल्ड कप में भी जारी रहा. इस दौरान स्पेन ने लगातार 6 क्लीन शीट दर्ज कीं. क्लीन शीट का मतलब है कि जिस दौरान दोनों टीमें मैदान में मुकाबला करती रहती हैं, उस समय गोलकीपर गोल न होने दे. इसमें नॉकआउट मैचों के एक्स्ट्रा टाइम तो शामिल किए जाते हैं पर पेनल्टी शूटऑउट से हुए नतीजे को शामिल नहीं किया जाता है.
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन ने ग्रुप स्टेज की शुरुआत केप वर्डे के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ के साथ की. इसके बाद टीम ने बाकी के दो ग्रुप मैच और राउंट ऑफ 16 किसी में भी अपने खिलाफ गोल नहीं होने दिया.
ये भी पढ़ें: Youtube पर फ्री में वर्ल्ड कप दिखा कर मचा रहा तहलका, CazeTV बटोर रहा रिकॉर्ड व्यूअरशिप

उनाई सिमोन के सामने रोनाल्डो भी हो चुके हैं बेबस
Photo Credit: AFP
उनाई सिमोन ने किसका रिकॉर्ड तोड़ा?
इससे पहले वर्ल्ड कप में सबसे लंबे समय तक क्लीन शीट रखने का रिकॉर्ड इटली के महान गोलकीपर वाल्टर जेंगा के नाम था. उन्होंने 1990 वर्ल्ड कप में लगातार 517 मिनट तक कोई गोल नहीं खाया था.
उनाई सिमोन ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ 3-0 की जीत के दौरान यह रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास बनाया था. लेकिन बेल्जियम ने 650 मिनट बाद आखिरकार उस सिलसिले को खत्म कर दिया.
अब भले ही बेल्जियम ने स्पेन की दीवार में सेंध लगा दी है पर उनाई सिमोन का 650 मिनट का रिकॉर्ड अब भी वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे लंबे गोलरहित सिलसिलों में पहले स्थान पर रहेगा. यह बताता है कि स्पेन का डिफेंस तो मजबूत है ही पर उसकी बड़ी ताकत इस समय के सबसे मजबूत गोलकीपर उनाई सिमोन हैं.
ये भी पढ़ें: "जीतो या मर जाओ", जब ट्रंप की तरह हिटलर और मुसोलिनी ने भी FIFA वर्ल्ड कप में बनाया था दबाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं