FIFA World Cup 2026, Norway vs England: FIFA वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड और नॉर्वे के मुकाबले के दौरान एक ऐसा मौका आया, जिसने मैच की तस्वीर बदल दी. पहले हाफ के आखिरी पलों में नॉर्वे के पास बढ़त दोगुनी करने का सुनहरा अवसर था, लेकिन अलेक्जेंडर सोरलोथ के फैसले ने टीम को बड़ा नुकसान पहुंचा दिया. नॉर्वे 1-0 से आगे था और हाफ टाइम से ठीक पहले टीम ने तेज काउंटर अटैक शुरू किया. इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड के सामने सिर्फ एक डिफेंडर जॉन स्टोन्स बचा था, जबकि सोरलोथ के साथ एर्लिंग हालैंड भी पूरी तरह खुली जगह में मौजूद थे. ऐसी स्थिति में आसान पास देकर हालैंड से गोल कराया जा सकता था, लेकिन सोरलोथ ने खुद आगे बढ़ने का फैसला किया. उन्होंने कई डिफेंडरों को छकाने की कोशिश की, लेकिन अंत में उनका शॉट कमजोर रहा और मौका पूरी तरह बेकार चला गया.
watch this angle😭😭.
— foland (fan) (@propsMCFC) July 12, 2026
Sorloth genuinely let the whole country down pic.twitter.com/e5pUJeiTQZ
हालैंड ने मैदान पर जताई नाराजगी
मौका गंवाने के बाद हालैंड की नाराजगी साफ दिखाई दी. उन्होंने मैदान पर ही अपने साथी खिलाड़ी के फैसले पर प्रतिक्रिया दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और कई प्रशंसकों ने इसे टूर्नामेंट की सबसे बड़ी गलतियों में से एक बताया.
कुछ ही मिनट बाद इंग्लैंड ने की वापसी
नॉर्वे अगर उस मौके पर दूसरा गोल कर देता तो इंग्लैंड के लिए वापसी बेहद मुश्किल हो सकती थी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कुछ ही देर बाद जूड बेलिंगहम ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल गया.
ट्यूशेल ने भी माना, किस्मत ने दिया साथ
मैच के बाद इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को किस्मत का साथ मिला. उन्होंने कहा कि टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई, लेकिन प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं था. ट्यूशेल ने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत जरूर की, लेकिन खेल में तेजी, आत्मविश्वास और बेहतर फैसलों की कमी साफ नजर आई. उनके मुताबिक इंग्लैंड ने खुद अपने लिए मुश्किलें खड़ी कीं और इस मुकाबले में किस्मत ने भी अहम भूमिका निभाई.
सेमीफाइनल से पहले सुधार की जरूरत
इंग्लैंड अब 60 साल बाद वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने के सपने से सिर्फ एक कदम दूर है. ट्यूशेल का मानना है कि अगर टीम को यह सपना पूरा करना है तो सेमीफाइनल से पहले अपने खेल में काफी सुधार करना होगा. उन्होंने कहा कि जीत का जश्न मनाने का समय है, लेकिन अगले मुकाबले के लिए टीम को पहले से बेहतर प्रदर्शन करना होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं