दीवाली पर घर आए मेहमानों को सबसे पहले चाय के साथ नमकीन, बिस्किट हर घर में दिया जाता है. लेकिन बार-बार पैकेट खोलने की वजह से बिस्किट, नमकीन, चिप्स में सीलन आ जाती है जिसके चलते इनका कुरकुरापन खतम हो जाता है. ये पैकेट ठीक से बंद न होने के कारण हवा और नमी अंदर चली जाती है, जिससे बिस्किट नरम पड़ जाते हैं और नमकीन का स्वाद भी फीका लगने लगता है. क्या आप भी ऐसी स्थिति में इन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं. अगर आपका जवाब हां है, तो आज से ही ऐसा करना बंद कर दें. क्योंकि हम आपको कुछ आसान किचन ट्रिक्स बता रहे हैं जिनकी मदद से आप इनका कुरकुरापन वापस ला सकते हैं.
बिस्किट-नमकीन का कुरकुरापन कैसे वापस लाएं-
1. ओवन-
आपके घर में ओवन है तो नरम पड़ चुके बिस्किट और नमकीन को दोबारा क्रिस्पी बनाने का यह सबसे आसान तरीका है. ओवन को 120 से 140 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें. अब बिस्किट या नमकीन को एक ट्रे में फैलाकर 5 से 8 मिनट तक गर्म करें. इसके बाद ट्रे को बाहर निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होते ही इनमें मौजूद एक्स्ट्रा नमी निकल जाएगी और कुरकुरापन काफी हद तक वापस आ जाएगा.

2. तवे पर-
अगर ओवन नहीं है तो गैस पर तवे का उपयोग किया जा सकता है. एक मोटा तवा हल्का गर्म करें और गैस को बिल्कुल धीमी आंच पर रखें. अब नमकीन या बिस्किट को तवे पर कुछ मिनट तक रखें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वे जलें नहीं. यह तरीका खासतौर पर नमकीन, सेव, चिवड़ा और मठरी जैसी चीजों के लिए बेस्ट है.
3. एयर फ्रायर-
अगर आपके घर में एयर फ्रायर है. तो ये बिस्किट-नमकीन को कुरकुरा बनाने में मदद कर सकता है. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा समय तक एयर फ्रायर न चलाएं, वरना स्नैक्स जल सकते हैं.
कैसे करें बिस्किट-नमकीन को स्टोर-
कुरकुरापन लौटाने से ज्यादा जरूरी है कि नमी दोबारा न आए. इसके लिए बिस्किट और नमकीन को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखें. पैकेट खोलने के बाद उन्हें उसी पैकेट में छोड़ने की बजाय डिब्बे में ट्रांसफर कर दें. कांच या अच्छे क्वालिटी के प्लास्टिक कंटेनर इस काम के लिए बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं.
कौन सी गलतियां करने से बचें?
- गर्म या भाप निकल रहे स्नैक्स को तुरंत डिब्बे में न रखें.
- पैकेट खुला छोड़ने से बचें.
- गीले चम्मच या हाथों का इस्तेमाल न करें.
- कंटेनर को गैस, सिंक या नमी वाली जगहों के पास न रखें.
ये भी पढ़ें- बाजरे की रोटी बनाते समय आप भी तो नहीं करते ये गलती? जानें सॉफ्ट और परफेक्ट रोटी बनाने के लिए कैसे गूंथे आटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं