कई बार ऐसा होता है कि घर में सब्जी नहीं होती और ऐसे में समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए, जो स्वादिष्ट भी हो और झटपट बन भी जाए. अगर आप भी ऐसी ही रेसिपी की तलाश कर रहे हैं, तो इस राजस्थानी डिश को एक बार जरूर ट्राई करें. हम बात कर रहे हैं प्याज वाली दही तिखारी की. नाम सुनने में भले ही थोड़ा नया लगे, लेकिन ये राजस्थान के हर घर में बनती है. इसे बनाना भी बहुत आसान है. तो चलिए जानते हैं रेसिपी.
दही तिखारी क्या होती है?
तिखारी का मतलब होता है तीखी और चटपटी सब्जी. राजस्थान में जब घर में कोई सब्जी नहीं होती, तो दही और प्याज से ही ये तिखारी बना ली जाती है. ये कढ़ी जैसी भी लगती है, लेकिन कढ़ी से बिल्कुल अलग है. इसमें बेसन नहीं डलता, सिर्फ दही, प्याज और लहसुन-मिर्च का तड़का होता है.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं दही तिखारी-
सामग्री-
- प्याज
- फ्रेश दही
- लहसुन
- लाल मिर्च पाउडर
- हल्दी
- धनिया पाउडर
- जीरा
- करी पत्ते
- हरी मिर्च
- नमक स्वादानुसार
- तेल
- हरा धनिया
विधि-
- सबसे पहले एक कटोरी में लहसुन की कलियां, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा नमक डालकर कूट लीजिए.
- इसे बहुत बारीक नहीं करना है, थोड़ा दरदरा ही रखना है. अगर आप खल-बट्टा इस्तेमाल करते हैं, तो स्वाद और भी बढ़ जाएगा.
- अब कढ़ाई में तेल गरम करें. तेल गरम होते ही उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने पर लहसुन-मिर्च वाला पेस्ट डालकर 1 मिनट तक भूनें.
- अब इसमें करी पत्ते और मोटे-मोटे कटे हुए प्याज डाल दीजिए. प्याज को बहुत बारीक मत काटिए, थोड़े बड़े टुकड़े ही रखिए, तभी खाने में मजा आएगा.
- अब इसमें हल्दी और धनिया पाउडर डालकर प्याज को 3-4 मिनट तक भूनें.
- प्याज को पूरी तरह गलाना नहीं है, बस हल्का सा नरम करना है. दूसरी तरफ एक कटोरी में दही को अच्छे से फेंट लीजिए.
- अब गैस को बिल्कुल धीमा कर दीजिए और फेंटा हुआ दही कढ़ाई में डाल दीजिए.
जरूरी टिप- दही डालते वक्त गैस तेज हुई तो दही फट जाएगा. इसलिए गैस धीमी रखें और दही डालकर लगातार चलाते रहें.
ये भी पढ़ें- सर्दियों के लिए परफेक्ट है चना भाजी और ज्वार रोटी का देसी कॉम्बिनेशन, इस ट्रिक से मिनटों में करें तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं