खीर का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन दिक्कत तब होती है जब घर में दूध खत्म हो, या किसी को दूध से एलर्जी हो. तब मन करता है, काश बिना दूध के भी खीर बन जाए. तो परेशान मत होइए क्योंकि बिना दूध के भी एकदम मलाईदार और स्वादिष्ट खीर बन सकती है. एक बार इस तरीके से बनाकर देखिए, खाने वाले को पता भी नहीं चलेगा कि इसमें दूध नहीं है. तो चलिए जानते उस सीक्रेट रेसिपी के बारे में.
बिना दूध के खीर में दूध का स्वाद कैसे आएगा?
असल में खीर का स्वाद सिर्फ दूध से नहीं आता, उसके गाढ़ेपन और खुशबू से आता है. दूध की जगह हम नारियल का दूध और मखाना इस्तेमाल कर सकते हैं. नारियल का दूध खीर को एकदम मलाईदार बना देता है और मखाना पीसकर डालने से खीर अपने आप गाढ़ी हो जाती है, बिना घंटों पकाए. ये खीर उन लोगों के लिए भी बेस्ट है, जिन्हें लैक्टोज की दिक्कत है.

कैसे बनाएं बिना दूध वाली खीर-
सामग्री-
- 1 कप नारियल का दूध
- 1/2 कप चावल
- 1 कप पानी
- 1/2 कप मखाना
- 1/2 कप चीनी या गुड़
- 4-5 बादाम
- 4-5 काजू
- 1 चम्मच इलायची पाउडर
- 1 चम्मच देसी घी
- केसर के 4-5 धागे
विधि-
- सबसे पहले चावल को 30 मिनट के लिए भिगो दें. फिर पानी निकालकर उसे आधा दरदरा पीस लें. इससे खीर जल्दी बनेगी.
- एक कड़ाही में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें. उसमें मखाना डालकर 2 मिनट तक भूनें और निकालकर पीस लें.
- उसी कड़ाही में भिगोए हुए चावल डालकर 1 मिनट भूनें. अब इसमें 1 कप पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएं.
- जब चावल गल जाए, तो इसमें नारियल का दूध डाल दें. ध्यान रखें, नारियल का दूध डालने के बाद आंच बिल्कुल धीमी रखें. तेज आंच पर ये फट सकता है.
- अब इसमें पिसा हुआ मखाना डाल दें और 5-6 मिनट तक चलाते रहें.
- खीर जब थोड़ी गाढ़ी होने लगे, तो इसमें चीनी या गुड़ डाल दें. अगर गुड़ डाल रहे हैं, तो पहले गैस बंद करके गुड़ डालें, नहीं तो खीर फट जाएगी.
- अब इसमें इलायची पाउडर और केसर डालें. केसर को पहले 1 चम्मच गुनगुने पानी में भिगो लें, इससे रंग बहुत अच्छा आएगा.
- ऊपर से भुने हुए बादाम-काजू डाल दें. आपकी बिना दूध वाली खीर तैयार है.
ये भी पढ़ें- न मैदा, न आटा, न सूजी! सिर्फ 5 मिनट में बनाएं ऐसा टेस्टी नया नाश्ता कि रोज बनाने का मन करेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं