Odisha Famous Tanka Torani Drink: ओडिशा की पारंपरिक रसोई में एक ऐसा खास ड्रिंक है जो न सिर्फ गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसे कहते हैं टंका तोरानी. यह ड्रिंक भगवान जगन्नाथ के मंदिर में महाप्रसाद के रूप में दिया जाता है और खास बात यह है कि इसे एक दिन पुराने पके चावल से तैयार किया जाता है. आमतौर पर टंका तोरानी गर्मियों के मौसम में ज्यादा पसंद किया जाता है, क्योंकि यह शरीर को अंदर से ठंडा रखता है और प्यास भी अच्छे से बुझाता है. इसलिए ओडिशा के घरों में यह आज भी बड़े चाव से बनाया और पिया जाता है.
कैसे बनाएं टंका तोरानी- (How To Make Odisha Famous Tanka Torani)
टंका तोरानी बनाने की प्रक्रिया भी बहुत दिलचस्प है. इसमें एक दिन पुराने पके हुए चावल को पानी में डालकर रात भर के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि हल्का फर्मेंटेशन (खमीर उठना) हो सके. इसके बाद अगले दिन इसे हाथों से अच्छे से मसल दिया जाता है और इसमें दही मिलाया जाता है. इसके स्वाद को और बढ़ाने के लिए इसमें कई तरह की चीज़ें डाली जाती हैं जैसे मांगा अदरक, करी पत्ते, नींबू के टुकड़े, हरी मिर्च, धनिया पत्ता, भुना हुआ जीरा पाउडर और काला नमक. कुछ लोग इसमें पानी मिलाकर इसे और पतला कर देते हैं ताकि यह एक ठंडा और हल्का ड्रिंक बन जाए.

कैसे होता है टंका तोरानी का स्वाद-
जब यह तैयार हो जाता है तो इसका स्वाद थोड़ा खट्टा, थोड़ा मसालेदार और बेहद ताजगी देने वाला होता है. गर्मी में यह शरीर को राहत देने का काम करता है और थकान को भी कम करता है.
टंका तोरानी के फायदे- Tanka Torani Drink Ke Fayde:
सिर्फ स्वाद ही नहीं, टंका तोरानी सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद है, क्योंकि यह एक प्राकृतिक प्रोबायोटिक ड्रिंक है, जो पेट के अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करता है. इससे पाचन बेहतर होता है और पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे गैस या भारीपन कम हो जाता है.
आज के समय में जब लोग तरह-तरह के कोल्ड ड्रिंक और पैकेट वाले ड्रिंक की तरफ बढ़ रहे हैं, ऐसे में टंका तोरानी जैसे पारंपरिक ड्रिंक हमें हमारी जड़ों और सेहत दोनों से जोड़ते हैं. यह बिना किसी केमिकल के, पूरी तरह प्राकृतिक और घरेलू सामग्री से बनता है.
ये भी पढ़ें- केले खरीदने के बाद दूसरे दिन ही हो जाते हैं खराब? अपनाएं ये 4 ट्रिक्स, हफ्तों तक रहेंगे एकदम फ्रेश
क्या पैरों में होने वाला दर्द हार्ट की बीमारी का संकेत है? जानिए डॉक्टर ने क्या कहा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं