Navratri 4rth Day Bhog: नवरात्रि के चौथे दिन मां कुष्मांडा की पूजा की जाती है. इस दिन कई घरों में मां को मीठे व्यंजन अर्पित किए जाते हैं, जिनमें मालपुआ भी शामिल है. सॉफ्ट, जूसी और खुशबूदार मालपुआ त्योहारों के स्वाद को दोगुना कर देता है. घी में गोल्डन फ्राई हुआ और चाशनी में डुबोया गया यह पारंपरिक डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. अगर आप नवरात्रि के चौथे दिन भोग के लिए कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो मालपुआ एक बेहतरीन ऑप्शन है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी और कुछ जरूरी टिप्स.
मालपुआ क्यों है खास?
मालपुआ को भारत की पारंपरिक मिठाइयों में गिना जाता है. यह बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम होता है. त्योहारों और विशेष अवसरों पर इसे बनाया जाता है.

Image NDTV
कैसे बनाएं मालपुआ-
सामग्री-
- 1 कप मैदा
- ½ कप दूध
- 2 बड़े चम्मच खोया
- 2 बड़े चम्मच चीनी
- ½ छोटा चम्मच सौंफ
- ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- घी या तेल, तलने के लिए
- चाशनी के लिए-
- 1 कप चीनी
- ½ कप पानी
- 2-3 इलायची
विधि-
- एक बाउल में मैदा, दूध, खोया, चीनी, सौंफ और इलायची पाउडर डालकर बैटर तैयार करें. बैटर न ज्यादा पतला हो और न बहुत गाढ़ा हो.
- इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें.
- अब एक पैन में चीनी, पानी और इलायची डालकर एक तार से हल्की चाशनी तैयार कर लें.
- कड़ाही में घी गर्म करें. एक कलछी बैटर डालकर गोल आकार का मालपुआ बनाएं.
- दोनों तरफ से गोल्डन होने तक फ्राई करें.
- फ्राई हुए मालपुओं को 1-2 मिनट के लिए चाशनी में डुबो दें.
- निकालकर कटे हुए बादाम-पिस्ता से गार्निश करें.
मालपुआ को और स्वादिष्ट कैसे बनाएं-
- मालपुए के बैटर में थोड़ी सौंफ डालने से खुशबू बढ़ जाती है.
- इलायची पाउडर मिलाने से स्वाद और बेहतर हो जाता है.
- ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर सर्व कर सकते हैं.
- रबड़ी के साथ सर्व करने पर इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.
मालपुआ में क्या-क्या पोषक तत्व होते हैं?
मालपुआ में इस्तेमाल होने वाला दूध, सूखे मेवे और आटा शरीर को एनर्जी प्रदान करते हैं. व्रत या त्योहारों के दौरान यह एक स्वादिष्ट स्वीट डिश का ऑप्शन है.
ये भी पढ़ें- सॉफ्ट और फूली-फूली रोटी के लिए आटा कितना गीला होना चाहिए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं