आज के समय में रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमतें आसमान छू रही हैं. हर महीने जब नया सिलेंडर आता है, तो जेब पर अच्छा खासा असर पड़ता है. ऐसे में सामने सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि गैस की खपत को कैसे कम किया जाए ताकि सिलेंडर लंबे समय तक चले. अगर आप भी बढ़ते गैस के दामों से परेशान हैं और अपनी रसोई का खर्च घटाना चाहते हैं, तो कुछ छोटी-छोटी बातें ध्यान में रखकर आप आसानी से गैस बचा सकती हैं.
अक्सर हम जाने-अनजाने कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं जिससे फालतू गैस जलती रहती है और हमें पता भी नहीं चलता. आज हम आपके लिए कुछ ऐसे ही बेहद काम के और आसान किचन हैक्स लेकर आए हैं, जिन्हें अपनाकर आप न सिर्फ गैस की बचत कर सकते हैं बल्कि अपना कीमती समय भी बचा सकते हैं.
बर्तन को पोंछकर ही गैस पर रखें:
अक्सर जल्दबाजी में हम धुले हुए बर्तन को सीधे चूल्हे पर रख देते हैं. ऐसे में पहले बर्तन पर मौजूद पानी सूखता है, फिर खाना गर्म होना शुरू होता है. इसलिए अगर बर्तन को सूखे कपड़े से पोंछकर गैस पर रखा जाए तो गर्म होने की प्रक्रिया थोड़ी तेज हो सकती है.
दाल और छोले पहले से भिगो दें:
राजमा, छोले या साबुत दालों को पकाने से पहले कुछ समय के लिए पानी में भिगोकर रखना फायदेमंद माना जाता है, इससे वे जल्दी गल जाते हैं और कुकर में कम समय लेते हैं साथ ही यह भी ध्यान रखें कि प्रेशर कुकर की रबड़ और सीटी सही हालत में हो, क्योंकि लीकेज होने पर गैस की खपत बढ़ सकती है.
हर चीज तेज आंच पर पकाना जरूरी नहीं
कई लोग मानते हैं कि तेज आंच पर खाना जल्दी बनता है, लेकिन यह हर बार सही नहीं होता. जब खाने में उबाल आ जाए तो आंच को मीडियम या धीमा किया जा सकता है. बर्तन पर ढक्कन लगाने से गर्मी अंदर बनी रहती है और खाना भी अच्छी तरह पकता है.
फ्रिज से निकाली चीजों को थोड़ा समय दें:
अगर दूध, सब्जी या कोई दूसरी चीज बहुत ठंडी है, तो उसे इस्तेमाल करने से पहले कुछ देर बाहर रखा जा सकता है, इससे उसे गर्म करने में थोड़ा कम समय लग सकता है. हालांकि ध्यान रखें कि खाने-पीने की चीजों को जरूरत से ज्यादा देर कमरे के तापमान पर न छोड़ें.
बर्नर की सफाई को नजरअंदाज न करें:
कभी-कभी गैस की लौ पीली दिखने लगती है या बर्तनों के नीचे कालापन जमने लगता है. यह संकेत हो सकता है कि बर्नर के छेद गंदगी से भर गए हैं. समय-समय पर बर्नर साफ करने से गैस सही तरीके से जलती है और खाना भी बेहतर तरीके से पकता है.
चाय बनाते समय ढक्कन लगाएं:
दिन में कई बार चाय बनती है, लेकिन अक्सर बर्तन खुला छोड़ दिया जाता है. ढक्कन लगाने से भाप कम बाहर निकलती है और पानी या दूध जल्दी उबल सकता है. यह एक छोटी आदत है, लेकिन लंबे समय में फायदा पहुंचा सकती है.
गैस जलाने से पहले तैयारी पूरी कर लें:
सब्जियां काटना, मसाले निकालना या जरूरी सामान ढूंढना गैस जलाने से पहले ही कर लेना बेहतर होता है. कई बार लोग पहले गैस ऑन कर देते हैं और फिर तैयारी शुरू करते हैं, जिससे बिना वजह गैस जलती रहती है.
इसे भी पढ़ें: लोहे की कढ़ाई में क्या नहीं बनाना चाहिए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं