क्या आप भी रोज-रोज वही धनिया-पुदीना या नारियल की चटनी खाकर बोर हो गए है, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको एक ऐसी चटपटी चटनी की रेसिपी बता रहे हैं जो न सिर्फ स्वाद बल्कि, सेहत से भी भरपूर है. इस चटनी को काले चने से बनाया जाता है. दरअसल हम काले चने से घुघरी, चाट या फिर रसेदार सब्जी ही अक्सर बनाते हैं, लेकिन चटनी सुनकर आपको थोड़ा अजीब लग सकता है. मगर आपने एक बार खा लिया तो बार-बार बनाएंगे.
काले चने की चटनी को बनाना बहुत ही आसान है. यह चटनी न सिर्फ आपके मुंह का स्वाद बदल देगी, बल्कि इसे आप सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक, किसी भी चीज के साथ सर्व कर सकते हैं. दाल-चावल, पराठा, पूरी या फिर चीला यह चटनी हर चीज के साथ एकदम परफेक्ट बैठती है. तो चलिए, बिना देर किए रेसिपी पर चलते हैं.
कैसे बनाएं काले चने की चटनी- (How To Make Kale Chane Ki Chutney)
सामग्री-
- सरसों का तेल- 1 बड़ा चम्मच
- लहसुन की कलियां- 8 से 10
- अदरक- 1 इंच का टुकड़ा
- हरी मिर्च- 4
- भीगे हुए काले चने- 1 कप
- काला नमक- ½ छोटा चम्मच
- सादा नमक- स्वाद अनुसार
- हरा धनिया- एक मुट्ठी
- नींबू का रस- 1 नींबू का
- पानी- चटनी पीसने के लिए जरूरत के हिसाब से
विधि-
- सबसे पहले गैस पर एक पैन चढ़ाएं और उसमें सरसों का तेल डालकर हल्का गर्म करें.
- अब इसमें 8-10 लहसुन की कलियां, 1 इंच अदरक का टुकड़ा और 4 हरी मिर्च डालें.
- इन्हें कुछ सेकेंड के लिए चलाएं. इसके बाद इसमें 1 कप भीगे हुए काले चने डाल दें.
- चनों को मीडियम आंच पर 3 से 4 मिनट तक अच्छे से भूनें आपको इन्हें तब तक भूनना है जब तक कि चने हल्के-हल्के चटकने न लगें.
- जब चने हल्के भून जाएं, गैस बंद कर दें और इस मिक्सचर को थोड़ा ठंडा होने दें.
- जब भुना हुआ मिक्सचर ठंडा हो जाए, तो इसे मिक्सर के जार में डाल दें. अब इसमें आधा छोटा चम्मच काला नमक, स्वाद के मुताबिक सादा नमक और एक मुट्ठी कटा हुआ ताजा हरा धनिया डालें.
- थोड़ा सा पानी मिलाकर इसे मिक्सी में स्मूथ पीस लें.
- अब पिसी हुई चटनी को एक बाउल में निकालें. इसमें 1 पूरे नींबू का रस निचोड़ें और ऊपर से 1 छोटा चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालें.
- सब चीजों को चम्मच से अच्छी तरह मिला लें. आपकी तीखी और चटपटी काले चने की चटनी बनकर तैयार है.
काले चने की चटनी खाने के फायदे- (Kale Chane Ki Chutney Khane Ke Fayde)
- चने में मौजूद फाइबर पेट को साफ रखता है और कब्ज दूर कर सकता है.
- काले चने की चटनी खाने से पेट देर तक भरा रहता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और अधिक खाने से बचे रहते हैं, जिससे वजन को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है.
- चने में मौजूद प्रोटीन और विटामिन्स स्किन में चमक लाते हैं और बालों को मजबूत बनाते हैं.
- चने को आयरन का अच्छा सोर्स माना जाता है. इस चटनी को खाने से शरीर में एनर्जी बनी रहती है.
ये भी पढ़ें- 30 की उम्र के बाद हर महिला की थाली में होने चाहिए ये 5 सुपरफूड्स, डॉक्टर से जानें वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं