हम सब रोज रसोई में खाना बनाते हैं. प्याज काटना, टमाटर के टुकड़े करना, आलू छीलना ये सब हमारी रोज की आदत में शामिल है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जब हम टमाटर काटते हैं तो उसका रस बाहर क्यों निकल जाता है? या फिर कटहल और कद्दू काटते वक्त हाथ में दर्द क्यों होने लगता है?
इसका सीधा सा जवाब है, गलत चाकू का इस्तेमाल. हम अक्सर घर में एक या दो चाकू रखते हैं और उसी से हर चीज काटने की कोशिश करते है. चाहे सेब छीलना हो या मटन काटना हो, वही एक पुराना चाकू हर जगह काम में लाया जाता है. अगर आप सही सब्जी के लिए सही चाकू चुनना सीख जाएं, तो रसोई का काम आधा आसान हो जाएगा और टाइम भी बहुत बचेगा. चलिए जानते हैं कि किस काम के लिए कौन सा चाकू सबसे बढ़िया रहता है.
सब्जी चाकू गाइड:
शेफ चाकू:
अगर आपके पास रसोई में सिर्फ एक ही अच्छा चाकू रखने का बजट है, तो वह शेफ चाकू होना चाहिए. यह चाकू थोड़ा बड़ा और भारी होता है, जिसकी धार आगे से थोड़ी मुड़ी हुई होती है.
- किस काम आता है: यह चाकू प्याज, गोभी, गाजर, लौकी और बड़े आकार की सब्जियों को बारीक काटने के लिए सबसे बेस्ट है.
- कैसे इस्तेमाल करें: इसको चलाते वक्त चाकू की नोक बोर्ड से उठनी नहीं चाहिए, बस पीछे का हिस्सा ऊपर-नीचे होता है. इससे सब्जियां बहुत तेजी से कटती हैं.
- किसके लिए न यूज़ करें: बहुत छोटी चीजें जैसे लहसुन की कली छीलना या टमाटर काटने के लिए यह थोड़ा बड़ा पड़ सकता है.
पेयरिंग चाकू:
यह बहुत ही छोटा और हल्का चाकू होता है. इसकी ब्लेड मुश्किल से 3 से 4 इंच लंबी होती है.
- किस काम आता है: सेब, आलू, या नाश्पाती का छिलका उतारने के लिए यह सबसे सही है. इसके अलावा मिर्च के बीज निकालना, अदरक छीलना या फिर स्ट्रॉबेरी के ऊपर का पत्ता हटाने जैसे बारीक काम इससे बहुत आसानी से होते है.
- फायदा: इसे आप हाथ में पकड़कर बिना चॉपिंग बोर्ड के भी बहुत सहूलियत से चला सकते हैं.
सेरेटेड चाकू या दांतों वाला चाकू:
इस चाकू के किनारे पर छोटे-छोटे आरी जैसे दांत बने होते हैं. लोग इसे अक्सर ब्रेड काटने वाला चाकू कहते हैं, लेकिन सब्जियों में भी इसका जवाब नहीं है.
- किस काम आता है: टमाटर, शिमला मिर्च और बैंगन जैसी नरम त्वचा वाली सब्जियां काटने के लिए यह वरदान है.
- क्यों खास है: आम चाकू से जब हम टमाटर काटते हैं, तो टमाटर पिचक जाता है और उसका सारा रस बाहर बह जाता है, लेकिन दांतों वाला चाकू बिना दबाव डाले टमाटर के छिलके को आसानी से चीर देता है. इससे टमाटर के एकदम सुंदर स्लाइस कटते हैं.
संतोकू चाकू:
यह जापानी स्टाइल का चाकू होता है. यह दिखने में शेफ चाकू जैसा ही होता है, लेकिन इसकी ब्लेड पर छोटे-छोटे गड्ढे या कट बने होते हैं.
- किस काम आता है: खीरा, आलू, और ककड़ी जैसी सब्जियां जिन्हें एकदम पतला-पतला काटना हो.
- खास बात: ब्लेड पर बने गड्ढों की वजह से सब्जी के टुकड़े चाकू पर चिपकते नहीं हैं. अगर आप सलाद बनाने के शौकीन हैं तो यह आपके बहुत काम आएगा.
क्लीवर या चापड़:
यह चौकोर और भारी चाकू होता है जो ढाबों या दुकानों पर ज्यादा दिखता है. लेकिन घर की रसोई में भी इसकी अपनी जगह है.
- किस काम आता है: कद्दू, कटहल, बड़ा तरबूज या फिर मीट की हड्डियां काटने के लिए.
- फायदा: जब सब्जी बहुत सख्त होती है, तो नॉर्मल चाकू मुड़ सकता है या टूट सकता है. चापड़ के भारी वजन की वजह से एक ही झटके में सख्त से सख्त चीज कट जाती है.
इसे भी पढ़ें: बलगम खत्म करने के लिए क्या खाएं? स्वामी रामदेव के बताए ये उपाय छाती में जमा कम को कर सकते हैं कम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं